जीआरआरसी लैंसडाउन में योग सत्रों का आयोजन, सैन्य अधिकारियों और परिजनों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा
लैंसडाउन। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर (जीआरआरसी), लैंसडाउन में विशेष योग सत्रों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैन्य अधिकारियों, जवानों एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग को स्वस्थ जीवनशैली का आधार बनाने का संकल्प लिया।

प्रातःकालीन सत्र में उप कमांडेंट कर्नल सिरोही मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया तथा नियमित योग के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक लाभों की जानकारी दी।
इस अवसर पर कर्नल सिरोही ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली परंपरा का अभिन्न हिस्सा है, जो व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से सशक्त और आत्मिक रूप से संतुलित बनाता है। उन्होंने जवानों से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान करते हुए इसे तनाव प्रबंधन, एकाग्रता और कार्यक्षमता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बताया।
सायंकालीन सत्र में सैन्य अधिकारियों एवं जवानों के परिजनों, महिलाओं और बच्चों ने भी सक्रिय भागीदारी की। उन्हें योग के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली में इसकी भूमिका और नियमित अभ्यास से होने वाले लाभों के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, तनावमुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। योग सत्रों के माध्यम से सैन्य परिवारों के बीच स्वास्थ्य, फिटनेस और मानसिक संतुलन का सकारात्मक संदेश प्रसारित किया गया।
