पौड़ी

माँ बालकुंवारी के सामूहिक पूजन एवं यज्ञ का शुभारंभ, 22 जून को होगी पूर्णाहुति

द्वारीखाल। विकासखंड द्वारीखाल के ग्राम उत्तिण्डा में गुरुवार से कुलदेवी माँ बालकुंवारी के सामूहिक पूजन एवं यज्ञ का शुभारंभ हो गया। पांच दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का समापन 22 जून को पूर्णाहुति और विशाल भंडारे के साथ होगा।

मुख्य आचार्य पंडित बंशीलाल सिलस्वाल के निर्देशन में विद्वान ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ पूजन कार्यक्रम संपन्न कराया गया। यज्ञ के प्रथम दिवस पर मंडप पूजन के साथ धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ हुआ, जिसके बाद माँ भगवती की विशेष पूजा-अर्चना की गई। साथ ही मन कामेश्वर महादेव मंदिर में अभिषेक एवं पूजन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की गई।

सायंकालीन आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और ग्रामवासियों ने भाग लेकर माँ बालकुंवारी का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और आस्था का माहौल देखने को मिला।

यज्ञ के प्रथम दिवस पर राकेश बलूनी एवं मुकेश बलूनी मुख्य यजमान के रूप में सपरिवार शामिल हुए। उन्होंने वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना और यज्ञीय अनुष्ठानों में सहभागिता करते हुए क्षेत्र की खुशहाली एवं जनकल्याण की प्रार्थना की।

इस अवसर पर भगत सिंह रावत, सुरेंद्र सिंह रावत, दिनेश बलूनी, चक्रधर बलूनी, देवेंद्र सिंह रावत, कुलदीप सिंह रावत, प्रभा कुकरेती, रमेश चंद्र कुकरेती सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं प्रवासीजन उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से आगामी धार्मिक कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *