पौड़ी

दिग्गज निशानेबाज जसपाल राणा का आकस्मिक निधन, खेल जगत और उत्तराखंड में शोक की लहर

यमकेश्वर। भारत के दिग्गज निशानेबाज एवं उत्तराखंड की शान जसपाल राणा के आकस्मिक निधन की खबर से खेल जगत और पूरे उत्तराखंड में शोक की लहर दौड़ गई है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने वाले जसपाल राणा ने अपने शानदार खेल करियर से भारतीय निशानेबाजी को नई पहचान दिलाई थी।

 

जसपाल राणा ने एशियाई खेलों, राष्ट्रमंडल खेलों और विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अनेक पदक जीतकर भारत को गौरवान्वित किया। उनकी उपलब्धियों ने देश के हजारों युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और खेल संगठनों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के संरक्षक एवं वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी डॉ. शक्तिशैल कपरवाण ने कहा कि जसपाल राणा का निधन उत्तराखंड और देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

यमकेश्वर क्षेत्र के थलनदी में आयोजित यूकेडी के धरना कार्यक्रम के दौरान दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वक्ताओं ने कहा कि जसपाल राणा ने अपने खेल कौशल से उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे।

उनके निधन पर प्रदेशभर में शोक व्यक्त किया जा रहा है तथा लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *