पौड़ी

11 जून को जिला कार्यालय पौड़ी में लगेगा विशेष आधार नामांकन शिविर

फिंगरप्रिंट और आइरिस प्रमाणीकरण संबंधी समस्याओं का होगा समाधान, पात्र नागरिकों से शिविर का लाभ उठाने की अपील

पौड़ी। जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 11 जून 2026 को जिला कार्यालय पौड़ी में विशेष आधार नामांकन शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर प्रातः 10:30 बजे से शुरू होगा। इसका उद्देश्य ऐसे पात्र नागरिकों को आधार नामांकन की सुविधा उपलब्ध कराना है, जिनका आधार कार्ड अभी तक नहीं बन पाया है।

शिविर में 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के उन नागरिकों के आधार नामांकन को प्राथमिकता दी जाएगी, जो अब तक आधार संख्या प्राप्त नहीं कर सके हैं। ऐसे आवेदकों को मतदाता पहचान पत्र अथवा ऑनलाइन सीआरएस पोर्टल से जारी जन्म प्रमाण पत्र, फोटो एवं बारकोड/क्यूआर कोड युक्त ऑनलाइन स्थायी निवास प्रमाण पत्र तथा मोबाइल नंबर साथ लाना होगा।

वहीं, 18 वर्ष से कम आयु के आवेदकों के लिए ऑनलाइन सीआरएस पोर्टल से जारी जन्म प्रमाण पत्र अथवा फोटो एवं बारकोड/क्यूआर कोड युक्त स्थायी निवास प्रमाण पत्र, माता या पिता का आधार कार्ड तथा मोबाइल नंबर प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

विशेष शिविर में उन व्यक्तियों को भी सुविधा प्रदान की जाएगी, जिनका आधार नामांकन पूर्व में फिंगरप्रिंट कैप्चर न होने अथवा आइरिस प्रमाणीकरण संबंधी तकनीकी कारणों से लंबित रह गया था। ऐसे नागरिक आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर अपनी लंबित प्रक्रिया का निस्तारण करा सकेंगे।

जिला प्रशासन के अनुसार आधार से वंचित पात्र नागरिकों तक यह महत्वपूर्ण सुविधा पहुंचाने के उद्देश्य से शिविर आयोजित किया जा रहा है। प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *