बच्चों के सर्वांगीण विकास में रंगमंच की अहम भूमिका : जिलाधिकारी
पौड़ी। जिला मुख्यालय स्थित प्रेक्षागृह में नवांकुर नाट्य समूह द्वारा आयोजित चार दिवसीय नाट्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ रंगमंच, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियां भी अत्यंत आवश्यक हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि नवांकुर नाट्य समूह वर्षों से बच्चों को रचनात्मक मंच प्रदान कर उनके व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति क्षमता को निखारने का सराहनीय कार्य कर रहा है। ऐसे प्रयास बच्चों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे विकसित करने का अवसर देते हैं तथा समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सदैव ऐसे रचनात्मक और जनहितकारी प्रयासों के साथ खड़ा है।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों द्वारा तैयार की गई कला प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मकता व कलात्मक अभिव्यक्ति की सराहना की। उन्होंने कहा कि कला और संस्कृति बच्चों की सृजनात्मक क्षमता को विकसित कर उनके व्यक्तित्व को नई दिशा प्रदान करती हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा बच्चों के भविष्य की मजबूत नींव है, लेकिन जीवन में सफलता के लिए आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल और रचनात्मक सोच का विकास भी आवश्यक है। सांस्कृतिक गतिविधियां इन गुणों को विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि कम आयु में बच्चों को ऐसे प्रेरणादायी और सृजनात्मक वातावरण से जोड़ने से उनका मानसिक, बौद्धिक और सामाजिक विकास बेहतर होता है। रंगमंच बच्चों की झिझक दूर कर उन्हें सार्वजनिक मंचों पर आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने में सक्षम बनाता है।
इस अवसर पर बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं नाट्य प्रस्तुतियां दीं, जिनकी जिलाधिकारी ने सराहना की और उन्हें अपनी प्रतिभा को निरंतर विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में सभासद अरविंद रावत, नवांकुर नाट्य समूह के सचिव यमुना राम, संरक्षक सुरेंद्र रावत, भारतेंदु नाट्य अकादमी के प्रशिक्षक अजीत बहादुर, मनोज दुर्बी सहित जनप्रतिनिधि, अभिभावक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
