अमर्यादित बयानबाजी लोकतंत्र के लिए खतरा: मोहित डिमरी
देहरादून। उत्तराखंड के युवा नेता एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मोहित डिमरी ने भाजपा नेता दुष्यंत कुमार द्वारा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर की गई टिप्पणी की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए सत्ता के अहंकार का प्रतीक करार दिया।

मोहित डिमरी ने जारी बयान में कहा कि देवभूमि उत्तराखंड मर्यादाओं और संस्कारों की भूमि है, लेकिन भाजपा नेताओं की भाषा और राजनीतिक आचरण ने राजनीति के स्तर को गिराने का काम किया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन विपक्ष के नेता के लिए अमर्यादित भाषा का प्रयोग किसी भी स्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता।
उन्होंने कहा कि देश के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का उत्तराखंड में स्वागत है और लोकतंत्र में प्रत्येक राजनीतिक दल एवं नेता को जनता के बीच जाने का पूरा अधिकार है।
डिमरी ने भाजपा पर दोहरा चरित्र अपनाने का आरोप लगाते हुए अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि जिस भाजपा नेता द्वारा राहुल गांधी पर टिप्पणी की गई है, उनका नाम अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित ‘वीआईपी’ को लेकर उठे विवादों में भी चर्चा में रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी के परिजन आज भी न्याय की मांग कर रहे हैं, जबकि सरकार कथित रूप से विवादित चेहरों को राजनीतिक संरक्षण देने में लगी हुई है। डिमरी ने सवाल उठाया कि आखिर ऐसे मामलों में निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के बजाय सरकार पर आरोप क्यों लग रहे हैं।
युवा नेता ने कहा कि उत्तराखंड की जनता सब देख रही है और राजनीतिक मर्यादाओं का उल्लंघन करने वालों को जनता समय आने पर जवाब देगी। उन्होंने जनता से तथ्यों को समझने और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सजग रहने की अपील की।
