पौड़ी

तहसील दिवस में उमड़ी जनसमस्याएं, एसडीएम ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश

रिखणीखाल में 22 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर निस्तारण

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में मंगलवार को रिखणीखाल में आयोजित तहसील दिवस में उपजिलाधिकारी लैंसडाउन शालिनी मौर्य ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। कार्यक्रम में कुल 22 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें अधिकांश का समाधान मौके पर ही कर दिया गया।

तहसील दिवस में विद्युत, पेयजल, लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से उठाई गईं। उपजिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

पेयजल संकट से संबंधित शिकायतों पर उन्होंने निर्देश दिए कि जहां आवश्यकता हो वहां टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जाए। साथ ही पेयजल योजनाओं के मरम्मत एवं अनुरक्षण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि गर्मी के मौसम में ग्रामीणों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

विद्युत आपूर्ति से संबंधित शिकायतों पर एसडीएम ने विभागीय अधिकारियों को फॉल्ट की समस्याओं का तत्काल समाधान करने और बिजली लाइनों से सटे पेड़ों की लॉपिंग कराने के निर्देश दिए, जिससे निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनी रहे।

शालिनी मौर्य ने कहा कि तहसील दिवस प्रशासन और जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है। इससे स्थानीय स्तर पर समस्याओं का समाधान संभव होता है और लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। उन्होंने अधिकारियों को छोटी एवं सामान्य शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने विकास कार्यों की नियमित निगरानी और स्थलीय निरीक्षण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। साथ ही शिकायतों के निस्तारण की जानकारी संबंधित शिकायतकर्ताओं तक पहुंचाने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों ने ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।

इस अवसर पर तहसीलदार विद्यानंद सेमवाल, एडीओ पंचायत सुनील कोटनाला, जेई पेयजल अनु गैरोला, जेई जल संस्थान शनि कुमार, खाद्य पूर्ति निरीक्षक प्रियंका बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *