बारिश से मष्टखाल-बाड़ियूं मोटरमार्ग बाधित, बरगड्डी तक सड़क पूरी तरह बंद
पुस्ता टूटने से बढ़ी समस्या, ग्रामीणों ने पहले ही जताई थी आशंका
पीडब्ल्यूडी को दी गई सूचना, शाम तक जेसीबी भेजने का आश्वासन
द्वारीखाल। लगातार हो रही बारिश के कारण मष्टखाल-बाड़ियूं मोटरमार्ग पर भारी क्षति पहुंची है। बाड़ियूं से बरगड्डी तक सड़क पूरी तरह बंद हो गई है, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार बाड़ियूं में सतपुली-देवप्रयाग मार्ग से मष्टखाल की ओर जाने वाले संपर्क मार्ग की स्थिति बेहद खराब हो गई है। सड़क के ऊपर की ओर बना पुस्ता पिछले वर्ष से ही क्षतिग्रस्त था, जिसके चलते मोड़ पर मैक्स समेत अन्य छोटे वाहनों की आवाजाही भी जोखिम भरी बनी हुई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते मरम्मत कार्य न होने के कारण अब बारिश में सड़क का बड़ा हिस्सा प्रभावित हो गया है।
ग्रामसभा बरगड्डी के प्रधान विकास चंद्र जुगरान ने बताया कि उन्होंने इस समस्या को क्षेत्र पंचायत की बैठक में भी प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को पुस्ता निर्माण और सुरक्षा दीवार लगाने की आवश्यकता से अवगत कराया था तथा चेतावनी दी थी कि बरसात के दौरान सड़क की स्थिति गंभीर हो सकती है। अब वही आशंका सच साबित हुई है और मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है।

प्रधान ने बताया कि सड़क की वर्तमान स्थिति की जानकारी लोक निर्माण विभाग को दे दी गई है। विभागीय अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मार्ग खोलने और स्थिति का आकलन करने के लिए शनिवार शाम तक जेसीबी मशीन मौके पर भेज दी जाएगी।
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से जल्द से जल्द मार्ग को सुचारु करने की मांग की है, ताकि क्षेत्र के लोगों को आवागमन की सुविधा मिल सके और किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।
