चैलूसैंण में 30 मई को नेत्र ओपीडी, स्वास्थ्य जांच एवं महिला जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होगा
वरिष्ठ विशेषज्ञ देंगे परामर्श, महिलाओं एवं किशोरियों को माहवारी स्वच्छता पर किया जाएगा जागरूक
चैलूसैंण/पौड़ी। होप फॉर हेल्थ क्लीनिक में आगामी 30 मई 2026, शनिवार को विशेष स्वास्थ्य शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. पुनीत गुप्ता द्वारा नेत्र ओपीडी संचालित की जाएगी, जिसमें मरीजों की आंखों से संबंधित विभिन्न समस्याओं की जांच एवं परामर्श दिया जाएगा।

क्लिनिक प्रबंधन के अनुसार आंखों की रोशनी में कमी, मोतियाबिंद, डायबिटिक रेटिनोपैथी, आंखों में दर्द या जलन, धुंधला दिखना, अचानक नजर कम होना तथा बुजुर्गों एवं बच्चों की आंखों की समस्याओं से जूझ रहे मरीज इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।
इसके साथ ही वरिष्ठ पैथोलॉजिस्ट डॉ. सीमा गुप्ता द्वारा मरीजों को पैथोलॉजी रिपोर्ट एवं विभिन्न बीमारियों के संबंध में परामर्श दिया जाएगा। शिविर में निःशुल्क शुगर एवं बीपी जांच की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
कार्यक्रम के अंतर्गत महिलाओं एवं किशोरियों के लिए “महावारी स्वच्छता एवं सुरक्षित विकल्प” विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसमें वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुणा अग्रवाल एवं डॉ. अल्पना कंसल माहवारी के दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं सुरक्षित विकल्पों के बारे में जानकारी देंगी।
विशेषज्ञों द्वारा मेंस्ट्रुअल कप एवं रीयूजेबल नैपकिन्स के उपयोग, उनके स्वास्थ्य लाभ एवं पर्यावरण संरक्षण में उनकी भूमिका के बारे में भी जानकारी साझा की जाएगी। कार्यक्रम में कुछ मेंस्ट्रुअल कप एवं रीयूजेबल नैपकिन्स निःशुल्क वितरित किए जाएंगे।
क्लिनिक प्रशासन ने क्षेत्र की महिलाओं, किशोरियों एवं आमजन से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। पंजीकरण एवं अधिक जानकारी के लिए क्लिनिक रिसेप्शन अथवा मोबाइल नंबर 93108 11184 पर संपर्क किया जा सकता है
