झंडीचौड़ में नगर निगम की भूमि से हटाया गया अतिक्रमण
प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कब्जामुक्त हुई सरकारी भूमि
कोटद्वार/पौड़ी। नगर निगम कोटद्वार क्षेत्र अंतर्गत झंडीचौड़ में एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) सेंटर के लिए हस्तांतरित भूमि पर किए गए अतिक्रमण को प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर हटवा दिया।
नगर आयुक्त कोटद्वार पी.एल. शाह ने बताया कि संबंधित भूमि पूर्व में राजस्व विभाग से नगर निगम को हस्तांतरित की गई थी। निरीक्षण के दौरान लगभग आधा बीघा भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अस्थायी एवं स्थायी निर्माण कर अवैध कब्जा किए जाने की पुष्टि हुई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम, राजस्व विभाग तथा पुलिस बल की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अभियान चलाया और अतिक्रमण हटाते हुए भूमि को कब्जामुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की गई।
नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और सरकारी भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक एवं सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
