पौड़ी

शशिधर भट्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम का डीएम ने किया निरीक्षण, 15 दिन में सुधार के निर्देश

अव्यवस्थाओं पर सख्त रुख, स्वच्छता, मरम्मत व गुणवत्ता सुधार को लेकर चेतावनी

हॉस्टल के प्रत्येक कमरे में कूलर लगाने हेतु धनराशि उपलब्ध कराएगा प्रशासन

कोटद्वार/पौड़ी गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कोटद्वार स्थित शशिधर भट्ट स्पोर्ट्स स्टेडियम का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान स्टेडियम परिसर में स्वच्छता, खेल सुविधाओं, निर्माण कार्यों एवं खिलाड़ियों को उपलब्ध संसाधनों में कई कमियां पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए और 15 दिन के भीतर सुधार सुनिश्चित करने की समयसीमा तय की।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्टेडियम में मल्टीपर्पज कार्मिकों की तैनाती के निर्देश दिए। बॉक्सिंग हॉल व टेबल टेनिस हॉल की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए फ्लोरिंग, दीवारों व जालियों की मरम्मत के लिए डीपीआर तैयार कर कार्य शीघ्र शुरू करने को कहा।

स्टेडियम में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी फटकार लगाते हुए संबंधित स्वच्छता कर्मचारी को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने एक सप्ताह में व्यवस्था सुधारने के निर्देश देते हुए उपजिलाधिकारी को 15 दिन बाद पुनः निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। सुधार न होने पर टेंडर निरस्त करने की चेतावनी भी दी।

हॉस्टल व डाइनिंग हॉल में गंदगी मिलने पर वार्डन से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नियमित सफाई, खिड़कियों की मरम्मत और जालियां लगाने को कहा गया। गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी ने प्रत्येक कमरे में कूलर लगाने हेतु धनराशि उपलब्ध कराने की घोषणा की। कैंटीन में गंदगी पाए जाने पर नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

खेल सुविधाओं के निरीक्षण में बैडमिंटन कोर्ट में टूट-फूट और वेंटिलेशन की कमी पाए जाने पर मरम्मत के निर्देश दिए गए। वॉलीबॉल कोर्ट, हॉकी मैदान के रखरखाव के साथ ही बास्केटबॉल कोर्ट निर्माण एवं कोच नियुक्ति के निर्देश भी दिए गए। स्टेडियम में क्रिकेट और बास्केटबॉल प्रशिक्षण जल्द शुरू करने की बात कही गई।

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता संतोषजनक न मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए अधिशासी अभियंता और ठेकेदार को 15 दिन में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। गुणवत्ता में लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। साथ ही स्टेडियम के रेनोवेशन के लिए मुख्यमंत्री घोषणा के तहत प्रस्ताव शीघ्र भेजने को कहा गया।

स्टेडियम के पास ट्रेंचिंग जोन से आ रहे कूड़े की समस्या के समाधान हेतु ‘व्यू कटर’ लगाने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। ओपन जिम, शौचालय व पेयजल व्यवस्था का भी निरीक्षण कर सुधार के निर्देश दिए गए। खिलाड़ियों से संवाद कर उनकी समस्याएं व सुझाव भी लिए गए।

जिलाधिकारी ने स्टेडियम में शिकायत पंजिका अनिवार्य रूप से बनाने और उपजिलाधिकारी को मासिक निरीक्षण के निर्देश दिए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने युवा कल्याण विभाग की व्यायामशाला का निरीक्षण किया, जहां खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए इसे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के निर्देश दिए। नए जिम हॉल, पेयजल, शौचालय व अन्य सुविधाओं के लिए प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने को कहा गया।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी संदीप कुमार, अधिशासी अभियंता श्रीपति डोभाल, जिला क्रीड़ा अधिकारी जयबीर सिंह रावत, जिला युवा कल्याण अधिकारी रविन्द्र फोनिया सहित अन्य अधिकारी व खिलाड़ी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *