पौड़ी

दिव्यांगजनों के लिए 25 अप्रैल को यमकेश्वर सीएचसी में लगेगा विशेष चिकित्सा शिविर

यमकेश्वर/पौड़ी। यमकेश्वर क्षेत्र के दिव्यांगजनों के लिए आगामी 25 अप्रैल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) यमकेश्वर में विशेष चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए जाएंगे, जिससे पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आसानी होगी।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मौजूद रहेगी। इसमें अस्थि रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, ईएनटी विशेषज्ञ तथा फिजिशियन शामिल होंगे, जो दिव्यांगजनों का परीक्षण कर आवश्यक प्रमाण पत्र जारी करेंगे।

उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को एक ही स्थान पर समयबद्ध और सुगमता से सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

शिविर के दौरान विभागीय स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *