पौड़ी

जनता मिलन में 12 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर निस्तारण

पौड़ी। जिला कार्यालय सभागार में सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत की अध्यक्षता में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 12 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

सीएम हेल्पलाइन और लंबित मामलों की भी समीक्षा

कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने पूर्व में प्राप्त शिकायतों के साथ-साथ सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं संतोषजनक निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके।

सौर ऊर्जा भुगतान, गैस आपूर्ति और क्षतिग्रस्त भवन के मामले उठे

खिर्सू क्षेत्र के महादेव प्रसाद बहुगुणा और रुकम सिंह रावत ने सौर स्वरोजगार योजना के तहत स्थापित सोलर प्लांटों के विद्युत भुगतान में देरी की समस्या उठाई। इस पर सीडीओ ने विद्युत वितरण खंड श्रीनगर के अधिशासी अभियंता से दूरभाष पर वार्ता कर तत्काल समाधान सुनिश्चित कराया।

श्रीनगर के वार्ड-40 से पार्षद संदीप सिंह रावत ने गैस आपूर्ति में कमी का मुद्दा उठाया, जिस पर जिला पूर्ति अधिकारी को पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

एकेश्वर के मटियालना निवासी विरेन्द्र बिडालिया ने वर्षा के दौरान भवन क्षतिग्रस्त होने की शिकायत की, जिस पर उपजिलाधिकारी चौबट्टाखाल को स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट देने को कहा गया।

मलबा हटाने और फसल सुरक्षा के निर्देश

चरधार क्षेत्र के केसुन्दर गांव के राहुल देव ने सड़क निर्माण का मलबा घर के पास डाले जाने की शिकायत की, जिस पर तीन दिन के भीतर मलबा हटाने के निर्देश दिए गए।

वहीं, ग्राम प्रधान रछुली नीलम देवी ने जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान का मुद्दा उठाया। इस पर मुख्य कृषि अधिकारी को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, अधीक्षण अभियंता जल संस्थान प्रवीण सैनी, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा, अधिशासी अभियंता एनएच श्रीनगर राजबीर चौहान, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया, जिला शिक्षाधिकारी माध्यमिक रणजीत सिंह नेगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *