अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव में कैलाश खेर का संगीत कार्यक्रम, कैलासा बैंड के साथ देंगे विशेष प्रस्तुति
ऋषिकेश। अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव के अवसर पर प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर अपने लोकप्रिय कैलासा बैंड के साथ परमार्थ निकेतन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी तथा डा. साध्वी भगवती सरस्वती जी से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
परमार्थ निकेतन में इन दिनों योग, भक्ति, संगीत और अध्यात्म का एक दिव्य उत्सव साकार हो रहा है, जिसमें विश्व के अनेक देशों से आए योग साधक भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा की दिव्यता का अनुभव कर रहे हैं।

इसी पावन वातावरण में आज सायंकाल कैलाश खेर की मधुर, ओजस्वी और भावपूर्ण आवाज गंगा तट पर गूंजेगी और पूरा परिसर भक्ति और संगीत की दिव्य तरंगों से सराबोर हो उठेगा। मां गंगा की शांत, पवित्र और कल-कल करती लहरों के बीच जब कैलासा बैंड की स्वर लहरियां वातावरण में प्रवाहित होंगी, तब यह दृश्य मानो प्रकृति और संगीत का अद्भुत संगम बन जाएगा।
गंगा आरती के पश्चात होने वाला यह विशेष कॉन्सर्ट देश-विदेश से आए योगियों और श्रद्धालुओं के लिए एक अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव बनेगा, जहां भारतीय संगीत की मधुरता और भक्ति की गहराई को एक साथ अनुभव किया जा सकेगा।
कैलाश खेर की आवाज में संगीत की मधुरता के साथ भक्ति, समर्पण और आध्यात्मिक चेतना की गहराई भी झलकती है। उनके गीत श्रोताओं के हृदय को स्पर्श कर उन्हें भाव-विभोर कर देते हैं।
इस अवसर पर स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने कैलाश खेर और उनके कैलासा बैंड का अभिनंदन करते हुए कहा कि संगीत वह दिव्य माध्यम है जो हृदय को स्पर्श कर मनुष्य को ईश्वर के और निकट ले जाता है। उन्होंने कहा कि कैलाश खेर अपने संगीत के माध्यम से वर्षों से भक्ति, प्रेम, सकारात्मकता और भारतीय आध्यात्मिक संस्कृति का संदेश विश्वभर में पहुंचा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज की यह संध्या केवल एक कॉन्सर्ट नहीं, बल्कि मां गंगा के पावन सान्निध्य में संगीत, भक्ति और योग की दिव्य अनुभूति का उत्सव है, जहां स्वर, साधना और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
