ग्रामीणों की सहमति से ग्राम पंचायत डांगी के विकास का रोडमैप तैयार
पौड़ी। कल्जीखाल खंड कल्जीखाल की ग्राम पंचायत डांगी में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशों के अनुपालन में खुली बैठक आयोजित की गई। खंड विकास अधिकारी चंद्र प्रकाश बलूनी के समन्वय से आयोजित इस बैठक में ग्रामीणों की सर्वसम्मति से वर्ष 2026–27 के लिए मनरेगा, राज्य वित्त और अन्य योजनाओं के अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यों के प्रस्ताव पारित किए गए।

प्रशासक/एडीओ पंचायत अरुण रावत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ग्राम पंचायत के समग्र विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए एकल घरों में सोलर लाइट लगाने, सार्वजनिक शौचालयों की मरम्मत, गर्मियों के मद्देनजर प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण तथा पाइपलाइन मरम्मत जैसे कार्यों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा पंचायत भवन के विद्युतीकरण, सड़कों के पैचवर्क तथा समाज कल्याण, बाल विकास और कृषि विभाग की योजनाओं के माध्यम से ग्रामीणों को लाभान्वित करने पर भी जोर दिया गया।
विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सामाजिक कार्यकर्ताओं और नवनिर्वाचित ग्राम पंचायत सदस्यों को शामिल करते हुए एक निगरानी समिति का गठन किया गया। इसी अवसर पर उपचुनाव में निर्वाचित ग्राम पंचायत सदस्यों को प्रशासक द्वारा पद एवं गोपनीयता की शपथ भी दिलाई गई। बैठक में ग्रामोत्थान परियोजना के अंतर्गत महिला समूहों को सशक्त बनाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को बढ़ावा देने पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी एवं पीएलबी जगमोहन डांगी ने किया। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी द्वारा उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क विधिक सेवाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर ग्राम विकास अधिकारी दीपेश नेगी, ग्राम पंचायत अधिकारी फुरकान अली, बाल विकास विभाग से माया राणा, राउमा विद्यालय डांगी की प्रभारी प्रधानाचार्य नीलम बिष्ट, वन पंचायत सरपंच मीना देवी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री रानेश्वरी देवी और आशा कार्यकत्री मीना देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
