यमकेश्वर में 8 मार्च को ‘यमकेश्वर गौरव सम्मान समारोह’, उक्रांद की भव्य जनसभा में उठेंगे जनहित के मुद्दे
यमकेश्वर। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के केंद्रीय अध्यक्ष के भव्य सम्मान समारोह के उपलक्ष्य में यमकेश्वर विधानसभा के सिद्धपीठ यमकेश्वर महादेव प्रांगण में 8 मार्च 2025 को उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद), यमकेश्वर द्वारा ‘यमकेश्वर गौरव सम्मान समारोह’ का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह में क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा।

कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा तथा मातृशक्ति बड़ी संख्या में भाग लेंगे। जनसभा के माध्यम से यमकेश्वर विधानसभा से जुड़े जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। कार्यक्रम के उपरांत पत्रकार बंधुओं के साथ संवाद भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें पत्रकारों के प्रश्नों के उत्तर दिए जाएंगे और क्षेत्र के भविष्य, विकास तथा जनसमस्याओं पर चर्चा की जाएगी।
उक्रांद नेता बीपी भट्ट “सलाणी” ने क्षेत्र की जनता से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में मूल निवास और सशक्त भू-कानून, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, जल-जंगल-जमीन पर पुस्तैनी अधिकार, वन्यजीवों से राहत, महिला एवं बच्चों की सुरक्षा जैसे मुद्दे बेहद महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने कहा कि सरकारी संस्थानों और स्वरोजगार के अवसरों में मूल निवासियों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। यदि उत्तराखंड की जनता इन जनहित के मुद्दों को मजबूत करना चाहती है तो उत्तराखंड क्रांति दल को समर्थन देना आवश्यक है, तभी प्रदेश के मूल निवासियों के हितों की रक्षा संभव हो सकेगी।
