द्वारीखाल ब्लॉक में BDC बैठक आयोजित, 28 शिकायतें दर्ज — होली मिलन व सम्मान समारोह भी सम्पन्न
पौड़ी। विकासखंड द्वारीखाल में क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) की बैठक ब्लॉक प्रमुख बीना राणा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं जिला पंचायत सदस्यों की उपस्थिति रही।

बैठक के अवसर पर जनप्रतिनिधियों का सम्मान समारोह तथा होली मिलन समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया गया। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख बीना राणा द्वारा सभी जनप्रतिनिधियों को माला एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने प्रस्ताव एवं जनसमस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखने का प्रयास किया। हालांकि, संबंधित कई विभागीय अधिकारी बैठक में अनुपस्थित रहे, जिस पर जनप्रतिनिधियों ने नाराज़गी व्यक्त की।
बैठक में कुल 28 शिकायतें दर्ज की गईं। खंड विकास अधिकारी जयकृत सिंह बिष्ट ने बताया कि होली पर्व के उपरांत सभी शिकायतों को संबंधित विभागों को प्रेषित कर दिया जाएगा, ताकि उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
ब्लॉक प्रमुख बीना राणा ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित समाधान पंचायत व्यवस्था की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
इस अवसर पर ज्येष्ठ उप प्रमुख नीलम नैथानी, कनिष्ठ उप प्रमुख कौशल्या देवी, जिला पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह राणा, विक्रम सिंह एवं अर्जुन सिंह नेगी, सहायक विकास अधिकारी कृष्णपाल सैनी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन सतीश शर्मा द्वारा किया गया।
