नयार वैली फेस्टिवल का भव्य समापन, साहसिक खेलों ने रचा उत्साह का इतिहास
बिलखेत/पौड़ी गढ़वाल। तीन दिवसीय नयार वैली फेस्टिवल का अंतिम दिवस विभिन्न साहसिक खेल प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के साथ उत्साह, रोमांच और उल्लासपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि विधायक राजकुमार पोरी तथा जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने विजेताओं एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

विधायक राजकुमार पोरी ने समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों, आयोजकों, विभागीय अधिकारियों, स्वयंसेवकों एवं स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि साहसिक खेलों में भागीदारी स्वयं में साहस, अनुशासन और आत्मविश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जीत केवल पदक तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह निरंतर अभ्यास, समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम होती है। उन्होंने युवाओं से प्रशिक्षण लेकर अपनी क्षमताओं को निखारने और उत्तराखंड को देश का अग्रणी एडवेंचर हब बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पर्वतीय भू-भाग को देखते हुए उत्तराखंड में एडवेंचर स्पोर्ट्स की अपार संभावनाएं हैं। नयार घाटी जैसे प्राकृतिक रूप से समृद्ध क्षेत्रों में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देकर स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाया जा सकता है, जिससे होटल व्यवसाय, स्थानीय उत्पाद, परिवहन और अन्य सेवाओं को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने आयोजन से जुड़े सभी व्यक्तियों और संस्थाओं का औपचारिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस महोत्सव की सफलता सामूहिक योजना, सटीक क्रियान्वयन और आपसी समन्वय का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय परिस्थितियों, बदलते मौसम और नदी की धाराओं के बीच गतिविधियों का सुरक्षित संचालन एक बड़ी चुनौती थी, जिसे सभी विभागों ने टीम भावना से सफलतापूर्वक निभाया। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन इस आयोजन को दीर्घकालिक दृष्टि से विकसित करने की दिशा में कार्य कर रहा है और भविष्य में इसे प्रशिक्षण-आधारित व तकनीकी रूप से और सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह महोत्सव प्रस्तावित पैराग्लाइडिंग संस्थान की आधारशिला सिद्ध होगा।
प्रतियोगिताओं के परिणाम:
माउंटेन बाइकिंग (एमटीबी) पुरुष वर्ग में प्रज्ज्वल प्रथम, नीरज भण्डारी द्वितीय और हिमांशु डबराल तृतीय रहे। महिला वर्ग में संध्या मौर्य प्रथम, वंदना सिंह द्वितीय और वर्णाली तृतीय स्थान पर रहीं। फिश एंगलिंग में संजय परोरिया प्रथम, ट्रेवर होम्स द्वितीय तथा संजय पंचेस्वर तृतीय रहे।
क्याकिंग स्लालम में अमर सिंह प्रथम, दमन सिंह द्वितीय और मनीष सिंह रावत तृतीय रहे, जबकि स्प्रिंट स्पर्धा में अमर सिंह प्रथम, अमन सिंह द्वितीय और मनीष सिंह रावत तृतीय स्थान पर रहे। पैराग्लाइडिंग व्यक्तिगत स्पर्धा में मोहर सिंह प्रथम, मनीष उप्रेती द्वितीय और अक्षय कुमार तृतीय रहे। टीम इवेंट में एडवेंचर जोन प्रथम, फ्लाई वारकला द्वितीय और पाजू भीमताल तृतीय रहे। राइजिंग स्टार पुरस्कार शीतल ठाकुर को प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन मंजीत रावत ने किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान रश्मि देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रिय देवी, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, उपजिलाधिकारी रेखा आर्य, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, जिला मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा, परियोजना प्रबंधक ग्रामोत्थान कुलदीप बिष्ट, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत सतपुली पूनम उछोली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। फेस्टिवल के सफल आयोजन ने पौड़ी गढ़वाल में पर्यटन और साहसिक गतिविधियों को नई पहचान देते हुए युवाओं को अवसर और प्रेरणा प्रदान की।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
