जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत देवराजखाल में बहुउद्देश्यीय शिविर, अधिकांश शिकायतों का मौके पर निस्तारण
पोखड़ा/पौड़ी। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के अंतर्गत विकासखंड पोखड़ा की न्याय पंचायत गडोली स्थित देवराजखाल में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 23 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। साथ ही 20 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

शिविर की अध्यक्षता तहसीलदार चौबट्टाखाल पूरन गिरी ने की। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए, जिससे कई प्रकरणों का समाधान स्थल पर ही सुनिश्चित किया गया। तहसीलदार ने कहा कि ऐसे शिविरों से आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी और लाभ मिल रहा है, जिससे उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ते।
शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, राजस्व, वन, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, पशुपालन, कृषि और उद्यान सहित कुल 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों ने योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र व्यक्तियों के आवेदन भी स्वीकार किए।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख संजय सिंह, ज्येष्ठ उप प्रमुख प्रदीप सिंह, विधायक प्रतिनिधि प्रभु शरण बड़ाकोटी, खंड विकास अधिकारी सूर्य प्रकाश शाह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
