जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत कुण्झोली में बहुउद्देश्यीय शिविर, 25 में से अधिकांश शिकायतों का मौके पर समाधान
जयहरीखाल/पौड़ी। पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड जयहरीखाल की न्याय पंचायत कुण्झोली में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य ने की। शिविर में प्राप्त कुल 25 शिकायतों में से अधिकांश का समाधान मौके पर ही कर दिया गया।

उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य ने शिविर में उपस्थित सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की पूर्ण एवं स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराते हुए पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।
शिविर में दर्ज शिकायतों में मुख्य रूप से सड़क, पेयजल, विद्युत, खाद्य आपूर्ति, वन विभाग, घेरबाड़ तथा संचार से संबंधित प्रकरण शामिल रहे। उपजिलाधिकारी ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन-प्रशासन की सेवाओं को जनता के द्वार तक पहुंचाना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ सरलता से प्राप्त हो सके।
शिविर में उद्यान, वन, स्वास्थ्य, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, पशुपालन, रेशम, खाद्य एवं पूर्ति, कृषि, समाज कल्याण, बाल विकास सहित कुल 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से आमजन को विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख जयहरीखाल रणवीर सजवाण, ज्येष्ठ उप प्रमुख सुरेंद्र सिंह नेगी, नोडल अधिकारी/ईई पेयजल निगम नवीन बिष्ट, बीडीओ जयहरीखाल रवि सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
