देहरादून

अंकिता न्याय यात्रा: गांधी पार्क से राजभवन तक मौन मार्च

देहरादून। आज अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच के आह्वान पर गांधी पार्क से राजभवन तक पैदल मौन मार्च निकाला गया। यह मार्च अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में कराने की मांग को लेकर महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन, राज्यपाल के माध्यम से सौंपने हेतु आयोजित किया गया।

मंच की कमला पंत ने बताया कि मंच ने दो सप्ताह पूर्व राज्यपाल से मिलने के लिए समय मांगा था, लेकिन राज्यपाल कार्यालय से कोई प्रत्युत्तर नहीं मिला। इसी के चलते मंच द्वारा मनोनीत पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल राजभवन कूच कर ज्ञापन सौंपने निकला। हालांकि, न्यू केंटोनमेंट रोड पर पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग कर मार्च को रोक दिया गया। इसके बाद मंच के सदस्य वहीं बैठकर राज्यपाल से मिलने की मांग करने लगे, पर समय नहीं दिया गया।

इस दौरान न्यू केंटोनमेंट रोड पर मंच की ओर से अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया और जनगीत प्रस्तुत किए गए। मंच ने आंदोलन को और तेज करने का ऐलान किया।

मौन मार्च में निर्मला बिष्ट, महावीर राणा, मोहित डिमरी, सुजाता पॉल, कनिष्क जोशी, सूरज नेगी, मुकेश बहुगुणा, पंकज क्षेत्री, विमला कोली, राजू सिंह, मुकेश सेमवाल सहित सैकड़ों महिलाएं, युवा एवं पूर्व सैनिक शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *