पौड़ी

नयार नदी बनी रोमांच का केंद्र, बांघाट से ब्यासघाट तक कयाकिंग और एंगलिंग का धमाल

सतपुली/बिलखेत (पौड़ी)। जनपद पौड़ी गढ़वाल के सतपुली-बिलखेत में गुरुवार को तीन दिवसीय नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल-2026 का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया गया। महोत्सव के पहले दिन नयार नदी में आयोजित कयाकिंग और एंगलिंग की रोमांचक प्रतियोगिताओं ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों को खासा आकर्षित किया।

फेस्टिवल के अंतर्गत एंगलर्स और कयाकर्स बांघाट से व्यासघाट तक निर्धारित रूट पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। एंगलिंग प्रतियोगिता में कुल 12 एंगलर्स प्रतिभाग कर रहे हैं, जिनमें बेंगलुरु, अल्मोड़ा और पौड़ी से आए प्रतिभागी शामिल हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन अल्मोड़ा के संजू परोरिया ने नयार नदी में लगभग दो किलोग्राम की महाशीर मछली पकड़ी, जबकि संजय कुमार ने सर्वाधिक 10 मछलियां पकड़ने का रिकॉर्ड बनाया। एंगलिंग प्रतियोगिता प्रतिदिन सुबह 6 बजे से सायं 4 बजे तक आयोजित की जा रही है।

वहीं नयार नदी की तेज धाराओं में आयोजित कयाकिंग प्रतियोगिता ने भी दर्शकों को रोमांचित किया। इसमें विभिन्न राज्यों से आए कुल 22 कयाकर्स प्रतिभाग कर रहे हैं, जो साहस और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि नयार घाटी साहसिक पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत संभावनाशील क्षेत्र है। ऐसे आयोजनों से क्षेत्र को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि स्थानीय युवाओं को कयाकिंग, एंगलिंग, पैराग्लाइडिंग जैसी गतिविधियों का प्रशिक्षण देकर उन्हें पर्यटन आधारित आजीविका से जोड़ा जाए।

उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लें और नयार घाटी को एडवेंचर टूरिज्म हब के रूप में स्थापित करने में सहयोग करें। जिलाधिकारी ने कहा कि भविष्य में इस प्रकार के आयोजन नियमित रूप से किए जाएंगे, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और पर्यटन गतिविधियों को स्थायी स्वरूप प्राप्त होगा।

महोत्सव के सफल संचालन के लिए सुरक्षा, चिकित्सा और तकनीकी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी गई हैं। आयोजन को लेकर प्रतिभागियों और स्थानीय नागरिकों में उत्साह और उमंग का माहौल बना हुआ है।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *