पौड़ी

कुल्हाड़ गांव में पहली बार पशु प्रदर्शनी का आयोजन, पशुपालकों में उत्साह

पौड़ी गढ़वाल। द्वारीखाल ब्लॉक के ग्राम कुल्हाड़ में बृहस्पतिवार, 26 फरवरी को ग्राम पंचायत स्तर पर पशु प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए भूतपूर्व प्रधान एवं वर्तमान सरपंच देवकिशोर सिंह नेगी उर्फ मद्रासी भाई ने बताया कि ग्राम पंचायत प्रधान अनीता देवी के नेतृत्व में ग्राम कुल्हाड़ में पहली बार इस तरह की पशु प्रदर्शनी आयोजित की गई।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में गांव के सभी लोग शामिल हुए। क्षेत्र के सभी पशुपालकों ने अपने-अपने पशुओं को प्रदर्शनी स्थल पर लाकर बांधा, जिनका विधिवत पंजीकरण किया जाएगा। पशुपालन विभाग द्वारा ग्राम कुल्हाड़ को इस आयोजन के लिए चयनित किए जाने पर उन्होंने विभाग का आभार व्यक्त किया।

प्रदर्शनी में चार प्रकार की गायों को प्रदर्शन के लिए लाया गया, जिनमें एचएफ (HF), बदरी एवं साहीवाल नस्ल की गायें शामिल रहीं। उत्कृष्ट पशुओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा, जबकि अन्य पशुपालकों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत किसानों का पंजीकरण भी किया गया। आयोजन को सफल बनाने में ग्राम सभा प्रधान सहित समस्त ग्रामवासियों के सहयोग की सराहना करते हुए आयोजकों ने सभी का धन्यवाद किया।

यह आयोजन ग्रामीण पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ पशुपालन के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *