नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल-2026 की तैयारियां तेज, प्रशासन ने दिए सख्त निर्देश
सतपुली/पौड़ी गढ़वाल। सतपुली-बिलखेत में 26 से 28 फरवरी तक आयोजित होने वाले नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल-2026 को सफल एवं भव्य बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की और सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि तीन दिवसीय इस आयोजन को जनभागीदारी से जोड़ते हुए इसे यादगार बनाया जाएगा। उन्होंने सभी रेखीय विभागों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल पर अपने-अपने विभागों के स्टॉल अनिवार्य रूप से स्थापित करें, ताकि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सीधे आमजन तक पहुंच सके। साथ ही संबंधित विभागों को लाभार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए, जिससे पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।
बैठक में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर विशेष जोर देते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि आयोजन के दौरान चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य टीम की तैनाती सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रम स्थल पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया जाएगा, जिससे स्थानीय नागरिक लाभान्वित हो सकें। समाज कल्याण विभाग को दिव्यांगजनों के लिए दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए जाने के निर्देश भी दिए गए।
पर्यटन विभाग को कार्यक्रम स्थल सहित प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग, पोस्टर एवं बैनर के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक और स्थानीय लोग आयोजन में भागीदारी कर सकें। वहीं संस्कृति विभाग को सांस्कृतिक दलों की प्रस्तुति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, जिससे आयोजन में सांस्कृतिक रंग भी जुड़ सके।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं आम जनता को भी आमंत्रित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बिलखेत विकासखंड कल्जीखाल, एकेश्वर, द्वारीखाल एवं कोट का केंद्र है। संबंधित खंड विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, जिला शिक्षाधिकारी (माध्यमिक) रणजीत सिंह नेगी, ग्रामोत्थान परियोजना प्रबंधक कुलदीप बिष्ट, जिला युवा कल्याण अधिकारी रविन्द्र फोनिया, जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार, जिला क्रीड़ा अधिकारी जयबीर सिंह रावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
