पौड़ी

अफसर बिटिया कार्यक्रम में छात्राओं को मिला करियर मार्गदर्शन, लक्ष्य तय कर आगे बढ़ने का संदेश

पौड़ी। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत विकासखंड थलीसैंण के राजकीय इंटर कॉलेज गंगाऊ में अफसर बिटिया कार्यक्रम एवं करियर परामर्श का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी थलीसैंण कृष्णा त्रिपाठी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और निरंतर मेहनत की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने छात्राओं से उनके भविष्य के लक्ष्य पूछे और उन्हें प्रेरित करते हुए संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) तथा प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) परीक्षाओं की प्रक्रिया को सरल शब्दों में समझाया।

कार्यक्रम के अंतर्गत “मेरे सपनों की उड़ान” विषय पर जूनियर एवं सीनियर वर्ग की छात्राओं के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें कुल 35 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

इस दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी पूजा गुसाईं ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरुआत, उद्देश्य एवं इसके सामाजिक महत्व की जानकारी दी। थानाध्यक्ष द्वारा छात्राओं को बाल लैंगिक अपराध संरक्षण अधिनियम-2012 (POCSO) तथा साइबर अपराध से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।

वन विभाग से आए उप वन क्षेत्राधिकारी ने विभाग की कार्यप्रणाली, जिम्मेदारियों एवं रोजगार के अवसरों के बारे में छात्राओं को अवगत कराया। वहीं स्वास्थ्य विभाग की ममता जोशी ने चिकित्सा क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न परीक्षाओं और करियर विकल्पों पर प्रकाश डालते हुए अपने अनुभव साझा किए।

अधिवक्ता लक्ष्मी रावत ने छात्राओं को लैंगिक अपराधों, स्वयं की सुरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा सहायता सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिला हेल्पलाइन 181 और बाल हेल्पलाइन 1098 के बारे में भी विस्तार से बताया।

कार्यक्रम के अंत में चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, शिक्षिकाएं, छात्र–छात्राएं सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *