पौड़ी

कोटद्वार में दो दिवसीय बर्ड वॉचिंग फेस्टिवल का भव्य समापन, छात्र-छात्राओं व बर्ड वॉचर्स को किया गया सम्मानित

कोटद्वार/पौड़ी। कोटद्वार में 31 जनवरी व 1 फरवरी को आयोजित दो दिवसीय बर्ड वॉचिंग फेस्टिवल का भव्य एवं सफल समापन हुआ। समापन समारोह की मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्षा एवं स्थानीय विधायक ऋतु खण्डूरी भूषण रहीं। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी द्वारा विधानसभा अध्यक्षा को स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज लालपानी की छात्राओं ने गढ़वाली लोकभाषा में स्वागत गीत प्रस्तुत कर समापन समारोह को सांस्कृतिक रंग प्रदान किया। विधानसभा अध्यक्षा ने वरिष्ठ फोटो पत्रकार एवं बर्डर राजू पुशोला को सम्मानित करते हुए उनकी तस्वीरों से तैयार कैलेंडर का विमोचन किया। साथ ही वरिष्ठ बर्डर अजय खंतवाल एवं राजीव बिष्ट को भी सम्मानित किया गया तथा सभी बर्ड वॉचर्स को स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया।

जिलाधिकारी ने फेस्टिवल के अंतर्गत लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने भारतीय वन्यजीव संस्थान, “हमारा पिरुल हमारी पहचान”, फाइन आर्ट गैलरी सहित अन्य स्टॉलों का अवलोकन करते हुए हस्तशिल्प व क्राफ्ट से निर्मित उत्पादों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास स्थानीय आजीविका को बढ़ावा देने के साथ पारंपरिक कला के संरक्षण में सहायक हैं। भारतीय वन्यजीव संस्थान के स्टॉल पर प्रदर्शित पक्षियों की जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने प्रकृति व जैव विविधता संरक्षण के महत्व पर भी प्रकाश डाला।

समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्षा ऋतु खण्डूरी भूषण ने कहा कि वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफी और बर्ड वॉचिंग न केवल मानसिक सुकून देती है, बल्कि प्रकृति से जुड़ने का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने बच्चों को कम उम्र से ही प्रकृति व पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने मानव–वन्यजीव संतुलन को सतत विकास की अनिवार्य शर्त बताते हुए कहा कि वन्यजीवों का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। साथ ही उन्होंने देशवासियों को कोटद्वार व आसपास की समृद्ध जैव विविधता से रूबरू होने का आमंत्रण दिया।

जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्षा, बर्ड वॉचर्स तथा आयोजन से जुड़े सभी विभागों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि फेस्टिवल से बने सकारात्मक मोमेंटम को बनाए रखते हुए कोटद्वार को स्थायी बर्ड वॉचिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने सफारी वाहनों की संख्या बढ़ाने एवं ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयासों की जानकारी दी।

समापन अवसर पर मैराथन दौड़, पेंटिंग, क्विज़ एवं निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। मैराथन दौड़ की ओपन बालिका वर्ग में काजल प्रथम, नव्या नेगी द्वितीय व सोनाक्षी नेगी तृतीय रहीं। 16–19 आयु वर्ग (बालक) में रितिक, विजय व अहान ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि ओपन बालक वर्ग में प्रभु, अनुज व मोहित क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहे।

क्विज प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में याशिका कुंवर (जीआईसी कोटडीढांग) प्रथम, मीनाक्षी (ब्लूमिंग वेल) द्वितीय व विदुषी रावत (हेरिटेज एकेडमी) तृतीय रहीं। जूनियर वर्ग में आदित्य (जे.पी. इंटर कॉलेज) प्रथम, अंश राणा (ज्ञान भारती पब्लिक स्कूल) द्वितीय व उसामा (रा.उ.प्रा.वि. काशीरामपुर) तृतीय स्थान पर रहे।

चित्रकला प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में अदिति बडोला (ब्लूमिंग वेल) प्रथम, कनिका तिवारी (ज्ञान भारती) द्वितीय व हिमांशु (जीआईसी कुंभीचौड़) तृतीय रहे। जूनियर वर्ग में आदित्य बडोला प्रथम, अमृता रावत द्वितीय व दीक्षा तृतीय स्थान पर रहीं। निबंध प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में मोहम्मद बिलाल (जीआईसी कुंभीचौड़) प्रथम, मानसी शाह (जीआईसी कोटद्वार) द्वितीय व युगरत्न नेगी (हेरिटेज एकेडमी) तृतीय रहे, जबकि जूनियर वर्ग में सृष्टि (रा.ज.उ.प्रा.वि. काशीरामपुर) प्रथम, सृष्टि आर्य (टीसीयू पब्लिक स्कूल) द्वितीय व अदीना तृतीय स्थान पर रहीं।

प्रभागीय वनाधिकारी लैंसडौन जीवन मोहन दगाड़े ने आयोजन की सफलता के लिए विधानसभा अध्यक्षा, जिलाधिकारी, समस्त विभागों, प्रतिभागियों, स्वयंसेवकों व स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस फेस्टिवल से कोटद्वार को बर्ड वॉचिंग के क्षेत्र में नई पहचान मिली है।

उल्लेखनीय है कि फेस्टिवल में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, बर्ड वॉचर्स व आम नागरिकों ने सहभागिता की। फोटोग्राफी, पेंटिंग एवं बर्ड वॉचिंग से जुड़े विभिन्न सत्रों के माध्यम से यह आयोजन कोटद्वार को प्रकृति पर्यटन के उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।

कार्यक्रम में पार्षद संजय भंडारी, उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी सहित विभिन्न अधिकारी, कर्मचारी, बर्ड वॉचर्स, स्कूल बच्चे एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *