पौड़ी

सोलर ऊर्जा से जगमगाया नौगांव, ग्रामीण आत्मनिर्भरता का बना आदर्श मॉडल

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हरित ऊर्जा, आत्मनिर्भरता और ग्रामीण सशक्तिकरण के दूरदर्शी विजन को साकार करते हुए विकासखंड बीरोंखाल की ग्राम पंचायत नौगांव ने सोलर ऊर्जा के माध्यम से सतत विकास की प्रेरणादायी पहल की है। सीमित संसाधनों के बावजूद सुनियोजित कार्ययोजना और सामूहिक प्रयासों से नौगांव आज जिले ही नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के लिए एक आदर्श मॉडल के रूप में उभर रहा है।

पूर्व में जहां गांव के अधिकांश मार्ग रात्रि में अंधेरे में डूबे रहते थे, वहीं अब सोलर ऊर्जा की बदौलत पूरा गांव उजाले से जगमगा रहा है। ग्राम पंचायत भवन की छत पर स्थापित तीन किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट से प्रतिदिन लगभग 16 यूनिट स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन किया जा रहा है। इस ऊर्जा से गांव में स्थापित 40 सोलर स्ट्रीट लाइटों को जोड़ा गया है, जिससे प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थलों और आवासीय क्षेत्रों में समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित हुई है।

ग्राम प्रधान ओमपाल सिंह ने बताया कि राज्य वित्त से लगभग दो लाख रुपये की लागत से यह सोलर प्लांट एक वर्ष पूर्व स्थापित किया गया। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करना नहीं, बल्कि गांव को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना भी है। करीब 70 परिवारों वाले इस गांव में सोलर स्ट्रीट लाइटों से विद्युत व्यय में कमी आई है और रात्रिकालीन सुरक्षा व आवागमन की सुविधा बढ़ी है।

जिला पंचायतीराज अधिकारी जितेंद्र कुमार ने नौगांव की पहल की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र में सोलर ऊर्जा का प्रभावी उपयोग ग्राम पंचायत की सक्रियता और विकासोन्मुख सोच को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि यह नवाचार अन्य ग्राम पंचायतों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023–24 में स्वच्छता कार्यों के लिए नौगांव को जनपद स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त हुआ था, जिसके लिए पंचायत को पांच लाख रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि सौर ऊर्जा के माध्यम से की गई यह पहल संसाधनों के कुशल उपयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है। इससे ऊर्जा उपलब्धता के साथ-साथ रात्रिकालीन सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक सुविधाओं की गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ऐसे सफल मॉडलों को अन्य ग्राम पंचायतों में भी चरणबद्ध रूप से अपनाने के लिए प्रयासरत है।

ग्रामीण रीना देवी, मीनाक्षी देवी, रविन्द्र रावत और जगदीप सिंह ने बताया कि सोलर प्लांट स्थापित होने के बाद गांव की तस्वीर बदल गई है। हर मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था से सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है और जीवन अधिक सुविधाजनक हुआ है। ग्रामीणों ने इसे मुख्यमंत्री के विकास विजन से जुड़ा बताते हुए ग्राम पंचायत के प्रयासों की सराहना की।

नौगांव की यह पहल इस बात का सशक्त प्रमाण है कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड का हर गांव हरित, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में निरंतर अग्रसर है।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *