द्वारीखालपौड़ी

 मोटरमार्ग को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश, ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ की चेतावनी”

द्वारीखाल/पौड़ी गढ़वाल। जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत न्याय पंचायत पुल्यासू में आयोजित शिविर के दौरान ग्राम पंचायत वरगड्डी के प्रधान विकास जुगरान ने क्षेत्र की गंभीर सड़क समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि मोलाखाल–सिलोगी मोटरमार्ग का सर्वे वर्षों पूर्व हो चुका है, लेकिन अब तक मार्ग को स्वीकृति नहीं मिल पाई है।

प्रधान ने कहा कि सड़क न होने के कारण ग्रामीणों को करीब 5 किलोमीटर पैदल चलकर सिलोगी जाना पड़ता है। विशेषकर स्कूली बच्चों को लाने–ले जाने के लिए परिवार के एक सदस्य को प्रतिदिन जंगल के बीच से होकर गुजरना पड़ता है, जहां जंगली जानवरों का भय बना रहता है। इससे बच्चों की शिक्षा और ग्रामीणों की सुरक्षा दोनों प्रभावित हो रही हैं।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही मोलाखाल–सिलोगी मोटरमार्ग पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में क्षेत्र के लोग “रोड नहीं तो वोट नहीं” का निर्णय लेने को मजबूर होंगे।

प्रधान विकास जुगरान ने यह भी बताया कि न्याय पंचायत पुल्यासू के अंतर्गत आने वाले कई गांव आज भी सड़क मार्ग से नहीं जुड़े हैं। पुल्यासू–उतिण्डा मोटरमार्ग पर डेढ़ किमी पहाड़ी का कटान जून माह से शुरू हुआ था लेकिन काफी दिनों से कार्य बंद पड़ा हुआ है। पहाड़ी हिस्से का कार्य पूरा न होने के कारण मष्टखाल बाड़ियूं मोटरमार्ग का फायदा नहीं मिल पा रहा है। इस मोटरमार्ग के सुचारू ने होने के कारण उतिण्डा, बन्दीला, भरग्वाड़ी, ठाँगर, धनियार, मरोड़ा, वरगड्डी और बागों कोटली पाटली आदि गांवों के लोग शिविर में भी नहीं पहुंच पाए।

ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने और क्षेत्र को सड़क सुविधा से जोड़ने की मांग की, ताकि दुर्गम परिस्थितियों से राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *