पौड़ी

मागथा न्याय पंचायत में सरकार का दरबार, 32 शिकायतों में से अधिकांश का मौके पर निस्तारण

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत सोमवार को विकासखंड यमकेश्वर की न्याय पंचायत मागथा में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लोगों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति देखी गई।

शिविर के दौरान स्थानीय ग्रामीणों द्वारा कुल 32 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें से अधिकांश का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी यमकेश्वर चतर सिंह चौहान ने की, जबकि क्षेत्रीय विधायक रेनू बिष्ट मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर विधायक रेनू बिष्ट ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे बहुउद्देशीय शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रहे हैं, जहां लोगों को अपने ही क्षेत्र में समस्याओं का समाधान और योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए।

उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान ने कहा कि जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान का उद्देश्य प्रशासन और आम जनता के बीच की दूरी को कम करना है। शिविरों के माध्यम से जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है, जिससे लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

शिविर के नोडल अधिकारी एवं मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा ने बताया कि शिविर में प्राप्त 32 शिकायतों में से अधिकांश का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि 242 ग्रामीणों को विभिन्न विभागीय योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

शिविर में राजस्व, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, पशुपालन, कृषि, उद्यान, बाल विकास विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की और ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सीता चौहान, जिला पंचायत सदस्य उमरोली बचन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य गुमालगांव कविता डबराल, ज्येष्ठ प्रमुख यमकेश्वर स्वाति रावत, प्रधान मागथा प्रीति कुकरेती, तहसीलदार वैभव जोशी, एडीओ पंचायत दिनेश रावत सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *