कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने बीरोंखाल में ₹6387.51 लाख की विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया
पौड़ी। कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने शनिवार को विकासखण्ड बीरोंखाल के ग्राम नागणी तथा राजकीय हाईस्कूल देवीखाल कोठा में आयोजित कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायतीराज विभाग एवं लघु डाल खण्ड, श्रीनगर की कुल ₹6387.51 लाख की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

कैबिनेट मंत्री ने राज्य योजना मद के अंतर्गत ₹1480.55 लाख की लागत से रसिया महादेव–नाउ–नागणी–चित्तडखाल मोटर मार्ग के सुधार एवं पुनर्निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। इसके साथ ही केंद्रीय सड़क एवं संरचना निधि के तहत 32 किमी लंबाई की ₹5759.62 लाख लागत वाली स्व. गीताराम पोखरियाल मोटर मार्ग (संराईखेत–मरचूला–बैजरो–पोखड़ा–सतपुली राज्य मार्ग) के सुधार एवं सड़क सुरक्षा कार्य का शिलान्यास किया गया।
इसके अतिरिक्त शिक्षा विभाग के अंतर्गत राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवीखाल कोठा में ₹46.74 लाख की लागत से बनने वाले भवन निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया।
कैबिनेट मंत्री ने विकासखंड बीरोंखाल के देवीखाल में ₹28.14 लाख की लागत से निर्मित राजकीय उच्चतर प्राथमिक विद्यालय भवन, घोड़ियानाखाल में ₹224.24 लाख की लागत से बने राजकीय इंटर कॉलेज भवन, ग्राम पंचायत चंदोली, तलाई, डुमैला मल्ला, कोटा, सुंगरिया बड़ा एवं मंगौर में ₹60 लाख की लागत से बने पंचायत भवनों का लोकार्पण किया।
इसके साथ ही लघु डाल खण्ड, श्रीनगर के अंतर्गत ग्राम डांगू तल्ला में ₹77.08 लाख की लागत से निर्मित लिफ्ट सिंचाई योजना तथा ग्राम बुंगीधार मल्ला में ₹43.14 लाख की लागत से बनी सोलर आधारित लिफ्ट सिंचाई योजना का भी लोकार्पण किया गया। इस प्रकार विकासखंड बीरोंखाल को ₹6387.51 लाख की विकास योजनाओं की सौगात दी गई।
अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश के साथ-साथ चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र का भी तेजी से सर्वांगीण विकास हो रहा है। सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य शांति देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपा देवी, उपजिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी, विद्यालय की प्रधानाचार्या अमृता रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
