पौड़ी

सीडीओ गिरीश गुणवंत की अध्यक्षता में विकास विभाग की मासिक स्टाफ बैठक, रोजगार व स्वरोजगार पर दिया गया जोर

पौड़ी गढ़वाल। मुख्य विकास अधिकारी श्री गिरीश गुणवंत की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में विकास विभाग की मासिक स्टाफ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए रोजगार, स्वरोजगार तथा विभागीय समन्वय से जुड़े विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी बैंकर्स को विकासखंडवार बीएलबीसी बैठकों का नियमित आयोजन सुनिश्चित करने तथा स्वयं सहायता समूहों से संबंधित बैंकिंग शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने खंड विकास अधिकारियों को मनरेगा के अंतर्गत मानव दिवसों के लक्ष्य समयसीमा में पूर्ण करने, रोजगार सृजन की प्रभावी निगरानी करने तथा सारा योजना के स्वीकृत कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कर वित्तीय एवं भौतिक प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीडीओ ने मनरेगा एवं अन्य विभागों के कन्वर्जेंस से रोजगार एवं स्वरोजगारपरक कार्य तत्काल प्रारंभ कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने पौखाल क्षेत्र में गोट वैली परियोजना को शीघ्र शुरू कराने हेतु पशुपालन विभाग, मनरेगा, रीप एवं एनएएलएम को आपसी समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त स्वयं सहायता समूहों को सीसीएल ऋण स्वीकृत एवं वितरित कर उनके व्यवसाय प्रारंभ कराने, रेशम एवं डेयरी योजनाओं को कन्वर्जेंस के माध्यम से शीघ्र लागू करने, कृषि, उद्यान एवं पशुपालन जैसे रेखीय विभागों के साथ ब्लॉक स्तर पर बैठक कर कार्ययोजना लागू करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने मनरेगा के अंतर्गत 60 दिन से अधिक रोजगार प्राप्त करने वाले परिवारों को प्रोजेक्ट उन्नति के तहत आरसेटी से कौशल प्रशिक्षण दिलाने तथा रीप योजना के अंतर्गत एमेनीटी सेंटर, कलेक्शन सेंटर एवं समुदाय आधारित कार्ययोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराने के निर्देश भी दिए।

बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए श्री विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी श्रीमती मनविंदर कौर, परियोजना प्रबंधक रीप श्री कुलदीप बिष्ट सहित सभी खंड विकास अधिकारी एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *