सीएचसी चौखुटिया की मांगों पर 20 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं, 21 दिसंबर को ‘ऑपरेशन स्वास्थ्य चौखुटिया’ की समीक्षा बैठक
अल्मोड़ा। पूर्व सैनिक भुवन कठायत ने कहा है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चौखुटिया से संबंधित मांगों को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी एवं जिलाधिकारी अल्मोड़ा द्वारा 30 नवम्बर को 20 दिनों के भीतर समाधान का आश्वासन दिया गया था। उन्होंने कहा कि 20 दिसम्बर को निर्धारित 20 दिन की समयावधि पूर्ण हो चुकी है, लेकिन अब तक मांगों पर स्पष्ट कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है।

पूर्व सैनिक भुवन कठायत ने गैरसैंण से लेकर भिकियासैंण तक की जनता से आह्वान किया है कि 21 दिसंबर को दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक “ऑपरेशन स्वास्थ्य चौखुटिया” के अंतर्गत एक समीक्षा बैठक का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें उपजिलाधिकारी के सम्मिलित होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन की ओर से बैठक में यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि सीएचसी चौखुटिया से संबंधित कितनी मांगें पूरी हो चुकी हैं और कितनी अभी लंबित हैं।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर आयोजित समीक्षा बैठक में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर “ऑपरेशन स्वास्थ्य चौखुटिया” को सफल बनाएं, ताकि क्षेत्र को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
