पौड़ी

पौड़ी बाजार में औषधि दुकानों का औचक निरीक्षण, जेनेरिक व सुरक्षित दवाओं पर जोर

पौड़ी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा बुधवार को पौड़ी बाजार स्थित औषधि दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण सुरक्षित दवा–सुरक्षित जीवन अभियान एवं “जेनेरिक ड्रग्स – इफेक्टिव, इकोनॉमिकल एंड एसेंशियल” अभियान के अंतर्गत किया गया।

सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नाज़िश कलीम के नेतृत्व में गठित समिति ने औषधि दुकानों में उपलब्ध दवाओं की एक्सपायरी तिथि, भंडारण व्यवस्था, जेनेरिक दवाओं की उपलब्धता, निर्धारित मानकों के अनुपालन, मूल्य सूची एवं अभिलेखों की गहन जांच की। निरीक्षण के दौरान औषधि विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए गए कि किसी भी स्थिति में एक्सपायरी अथवा अमानक दवाओं का विक्रय न किया जाए तथा जनसामान्य को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित एवं किफायती जेनेरिक दवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

समिति द्वारा दुकानदारों को दवाओं के सुरक्षित उपयोग, उचित भंडारण एवं संबंधित कानूनों के प्रावधानों का पालन करने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा उन्हें जागरूक किया गया।

इस अवसर पर औषधि निरीक्षक सीमा बिष्ट चौहान, पूर्ति अधिकारी शैलेंद्र बड़ोला, सब-इंस्पेक्टर हेमलता बहुगुणा, जिला समन्वयक तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम श्वेता गुसाईं सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *