पौड़ी

जिलाधिकारी ने की खेल महाकुंभ तैयारियों की समीक्षा, सभी व्यवस्थाएँ समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कलेक्ट्रेट सभागार में खेल महाकुंभ को सफलतापूर्वक आयोजित करने हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि खेल प्रतियोगिताओं से संबंधित सभी व्यवस्थाएँ समयबद्ध और सुव्यवस्थित रूप से पूर्ण की जाएँ।

जिलाधिकारी ने बताया कि 20 तारीख से न्याय पंचायत स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन प्रारंभ होगा। इसके उपरांत जनपद की विभिन्न विधानसभाओं में खेल महाकुंभ के अगले चरण संपन्न कराए जाएंगे।

उन्होंने शिक्षाधिकारियों को शिक्षकों की तैनाती पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। साथ ही खेल महाकुंभ के प्रचार–प्रसार को व्यापक स्तर पर बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं में स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा जनता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि न्याय पंचायत व विधानसभा स्तर की प्रतियोगिताओं को सफल बनाने हेतु संबंधित अधिकारी समय-समय पर आवश्यक बैठकें आयोजित करें। उन्होंने आयोजन स्थलों पर पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य सेवाओं व अन्य आवश्यक सुविधाओं को पूर्व से दुरुस्त रखने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने कहा कि खेल महाकुंभ युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं विभिन्न सामाजिक प्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर उन्हें प्रतियोगिताओं में आमंत्रित किया जाए, जिससे आयोजन और अधिक सहभागितापूर्ण बन सके।

बैठक में पुलिस क्षेत्राधिकारी तुषार बोरा, जिला युवा कल्याण अधिकारी रविन्द्र फोनिया, जिला खेल अधिकारी जयबीर सिंह रावत, जिला खेल समन्वयक योगंबर सिंह नेगी, विभिन्न खंड विकास अधिकारी एवं खंड शिक्षाधिकारी उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *