नयारघाटी एडवेंचर फेस्टिवल की तैयारियाँ शुरू, बिलखेत में पैराग्लाइडिंग ट्रायल उड़ानें सफल
पौड़ी/सतपुली। नयारघाटी में फरवरी माह में प्रस्तावित एडवेंचर फेस्टिवल की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। पर्वतीय पर्यटन को नई ऊँचाइयों पर ले जाने की दिशा में शुक्रवार को बिलखेत का आसमान रोमांच से भर उठा, जब हिमालयन एयरो स्पोर्ट्स, देहरादून की टीम ने पैराग्लाइडिंग की सफल ट्रायल उड़ानें कीं।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी ने बताया कि ट्रायल से स्थानीय युवाओं को एडवेंचर स्पोर्ट्स से जोड़ने के साथ–साथ उन्हें प्रशिक्षण देकर रोजगार उपलब्ध कराने और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। ट्रायल उड़ानें रविवार तक जारी रहेंगी, जबकि कयाकिंग एवं अन्य साहसिक गतिविधियों के ट्रायल अगले सप्ताह से प्रारंभ होंगे।
एडवेंचर एक्सपर्ट अजय कंडारी ने बताया कि आगामी एडवेंचर फेस्टिवल के दौरान नेशनल लेवल मेगा पैराग्लाइडिंग फेस्टिवल का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नयारघाटी अपनी प्राकृतिक बनावट, ऊँचाई और हवा के पैटर्न के कारण पैराग्लाइडिंग के लिए आदर्श गंतव्य है। राज्य सरकार और जिला प्रशासन इस क्षेत्र को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए गंभीर प्रयास कर रहे हैं।
पहले दिन हुए ट्रायल में हिमालयन एयरोस्पोर्ट्स टीम के विक्रम नेगी, राहुल, सुनील, अमन तथा स्थानीय पायलट सपना रावत शामिल रहे। रंग-बिरंगी पैराशूटों की उड़ान और बिलखेत की वादियों में गूंजती हवा की सरसराहट ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों को रोमांचित कर दिया।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
