जसपुर आंगनबाड़ी केंद्र में उत्साहपूर्वक मनाया गया बालिका जन्मोत्सव
पौड़ी गढ़वाल। बाल विकास परियोजना कल्जीखाल के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र जसपुर में बालिका जन्मोत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नवजात बालिकाओं के जन्म का सम्मान करना और समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक तथा समानता आधारित वातावरण तैयार करना रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बाल विकास परियोजना अधिकारी सुषमा रावत ने कहा कि बेटे और बेटी में किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। उन्होंने भ्रूण हत्या रोकथाम, बेटियों की सुरक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस दौरान परियोजना सुपरवाइज़र सुनीता तोपवाल ने पोषण अभियान सहित विभागीय योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को प्रदान की और महिलाओं को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्र की लाभार्थी सोनिका देवी और प्रियंका देवी की नवजात बालिकाओं कार्तिका एवं आदविका को सम्मानपूर्वक उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर कनिष्ठ सहायक महाराज सिंह रावत, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री हेमलता देवी, सहायिका सुषमा देवी, ग्राम प्रधान जसपुर कलावती देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
— सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
