पौड़ी

कोट विकासखंड में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित, दिव्यांगजनों को मिली सहायता

पौड़ी/कोट। समाज कल्याण विभाग एवं जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में विकासखंड कोट कार्यालय परिसर में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी शिव सिंह भंडारी ने की।

शिविर में सहायक समाज कल्याण अधिकारी पंकज मैंदोली ने उपस्थित लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के नोडल अधिकारी एवं ग्रामीण क्षेत्र विकास समिति रानीचौरी, टिहरी गढ़वाल के परियोजना निदेशक धर्मेंद्र पंवार ने बताया कि विकासखंड कोट में अब तक 346 दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड बनाए जा चुके हैं, जबकि शेष दिव्यांगजनों के कार्ड बनाए जाने की प्रक्रिया जारी है।

शिविर में समाज कल्याण विभाग एवं दिव्यांग पुनर्वास केंद्र द्वारा दो दिव्यांग लाभार्थियों को कृत्रिम अंग/सहायक उपकरण वितरित किए गए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने चार दिव्यांगजनों को दिव्यांग प्रमाणपत्र जारी किए।

मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख गणेश कोली ने लोगों से ऐसे शिविरों में अधिक संख्या में भाग लेने और अपनी समस्याओं के निवारण के लिए इस मंच का उपयोग करने की अपील की। वहीं ज्येष्ठ प्रमुख उपेंद्र भट्ट ने शिविर के सफल आयोजन के लिए विभागों का आभार प्रकट किया और कहा कि शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार से अधिक से अधिक लोग लाभ प्राप्त कर सकेंगे।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *