चौबट्टाखाल में बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ योजना की समीक्षा बैठक, जरूरतमंद बालिकाओं को लाभ पहुंचाने पर जोर
पौड़ी/चौबट्टाखाल। उपजिलाधिकारी चौबट्टाखाल रेखा आर्य की अध्यक्षता में बुधवार को बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ (BBBP) योजना के अंतर्गत ब्लॉक टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, लक्षित लाभार्थियों तक सहायता पहुंचाने और व्यापक जनजागरूकता पर विस्तृत चर्चा की गई।

उपजिलाधिकारी रेखा आर्य ने कहा कि ब्लॉक टास्क फोर्स के पास उपलब्ध धनराशि का उपयोग निर्धन एवं जरूरतमंद बालिकाओं की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र बालिकाओं को स्वेटर, जूते और अन्य आवश्यक सामग्री समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी बालिका संसाधनों की कमी के कारण शिक्षा या विकास में पीछे न रह जाए। टास्क फोर्स की राशि का लाभ सीधे उन बच्चियों तक पहुँचे जिन्हें वास्तव में आवश्यकता है—यही प्रशासन की प्राथमिकता है।
उपजिलाधिकारी ने सभी विभागों को बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विशेष अभियान संचालित करने के निर्देश दिए ताकि क्षेत्र में बेटियों के प्रति सकारात्मक, सुरक्षित और प्रोत्साहित करने वाला वातावरण तैयार किया जा सके।
बैठक में खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग पोखड़ा, बाल विकास परियोजना अधिकारी एकेश्वर/पोखड़ा सहित सुपरवाइजर उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
