पौड़ी में आदमखोर गुलदार की खोज तेज, फॉक्स लाइट से मचान तक सभी इंतज़ाम पूर्ण
पौड़ी। तहसील पौड़ी के गजल्ड गांव में एक व्यक्ति को निवाला बनाने वाले आदमखोर गुलदार के निस्तारण हेतु जिला प्रशासन और वन विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं। गुलदार को मारने की स्वीकृति मिलते ही वन विभाग ने सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली हैं, जबकि जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया स्वयं पूरे प्रकरण की सतत निगरानी कर रही हैं और अधिकारियों से लगातार अपडेट प्राप्त कर रही हैं।

जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुसार गांव में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए रात्रिकालीन सतर्कता के लिए दो अतिरिक्त फॉक्स लाइटें कल ही स्थापित कर दी गईं। प्रशासन द्वारा ग्रामीणों, विशेषकर पशुपालकों की तात्कालिक जरूरतों को देखते हुए पशुओं हेतु चारे की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। वहीं मानव-वन्यजीव संघर्ष से प्रभावित परिवार के लिए अग्रिम सहायता राशि बैंक के माध्यम से उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।
एसडीओ वन विभाग आयशा बिष्ट ने बताया कि गुलदार को पकड़ने और उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पिंजरा, कैमरा ट्रैप और ड्रोन तैनात कर दिए गए हैं। इसके अलावा गुलदार को शूट करने हेतु मचान तैयार की गई है तथा दो अनुभवी शूटरों को क्षेत्र में लगाया गया है, जो लगातार हालात पर निगरानी बनाए हुए हैं।

जिला प्रशासन और वन विभाग ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया है कि उनकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और गुलदार से उत्पन्न संकट को खत्म करने के लिए हर स्तर पर तेज़ी से कार्रवाई की जा रही है।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
