घुड़दौड़ी इंजीनियरिंग कॉलेज में उत्तराखंड का पहला जेन-जी डाकघर शुभारंभ
पौड़ी। भारत सरकार के मार्गदर्शन में उत्तराखंड का प्रथम जेन-जी (Gen-Z) डाकघर का विधिवत शुभारंभ मुख्य पोस्टमास्टर जनरल उत्तराखण्ड परिमंडल शशि शालिनी कुजूर तथा गोविन्द बल्लभ पन्त इंजीनियरिंग कॉलेज, घुड़दौड़ी के निदेशक डॉ. विजय कुमार बंगा द्वारा किया गया। यह जेन-जी डाकघर तकनीक, नवाचार और आधुनिक डाक सेवाओं का समन्वित मॉडल है, जो पारंपरिक डाक तंत्र को आधुनिक डिज़ाइन और डिजिटल सुविधाओं के साथ जोड़ता है।

मुख्य पोस्टमास्टर जनरल शशि शालिनी कुजूर ने कहा कि भारतीय डाक सेवा देश की सबसे विश्वसनीय सेवाओं में से एक है। जेन-जी पोस्ट ऑफिस भविष्य की पीढ़ी के लिए तैयार एक अभिनव पहल है, जिसमें डिजिटल सेवाओं, वित्तीय समावेशन और पारंपरिक डाक संस्कृति का समन्वय किया गया है। उन्होंने बताया कि यह पोस्ट ऑफिस एक इंटरऐक्टिव प्लेटफॉर्म की तरह कार्य करेगा, जहाँ युवा संचार, डिजिटल नवाचार और सरकारी सेवाओं की वास्तविक प्रक्रियाओं को समझ सकेंगे। उन्होंने डाकघर के डिज़ाइन और सजावट में योगदान देने वाले छात्रों की रचनात्मकता की सराहना की।
उन्होंने बताया कि जेन-जी पोस्ट ऑफिस में माई-स्टाम्प काउंटर, पार्सल बुकिंग व पैकेजिंग, पीपीएफ और आईपीपीबी जैसी वित्तीय सेवाएँ तथा विद्यार्थियों के लिए विशेष साप्ताहिक व पाक्षिक परामर्श शिविर जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। यह डाकघर छात्रों को दस्तावेज़ प्रेषण, डिजिटल लेनदेन और सरकारी सेवाओं को समझने का अवसर प्रदान करेगा।
कॉलेज निदेशक डॉ. विजय कुमार बंगा ने कहा कि यह जेन-जी डाकघर छात्रों के व्यक्तित्व विकास का माध्यम बनेगा। परिसर में स्थापित यह सुविधा युवा इंजीनियरों को नवाचार, संचार कौशल, प्रबंधन और सामाजिक उत्तरदायित्व को समझने में मदद करेगी।
अधीक्षक डाकघर दीपक शर्मा ने बताया कि छात्र स्पीड पोस्ट पर 10 प्रतिशत छूट, आधार अपडेट/एनरोलमेंट, डिजिटल बचत योजनाएँ, परीक्षा फार्म प्रेषण सुविधा, अध्ययन सामग्री पार्सल, करियर मार्गदर्शन शिविर और डिजिटल वित्तीय साक्षरता प्रशिक्षण जैसी सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने इसे युवाओं को सरकारी सेवाओं से जोड़ने वाला एक प्रभावी माध्यम बताया।
परिसर में फ्री वाई-फाई, कैफेटेरिया, बैठने की सुविधाजनक व्यवस्था, त्वरित सेवा सहायता और छात्र-मैत्री डिजिटल काउंटर स्थापित किए गए हैं, जो इस जेन-जी पोस्ट ऑफिस को विशेष बनाते हैं। इसकी आंतरिक व बाहरी सज्जा कॉलेज के छात्रों द्वारा आधुनिक वाल-पेंटिंग, थीम ग्राफिक्स और क्रिएटिव डिजाइन से तैयार की गई है, जो उनकी आधुनिक सोच और रचनात्मकता का प्रतीक है।
इस अवसर पर वरिष्ठ प्रबंधक जीबीपीआईईटी दीपक मेहरा, एसओडी सीएस प्रीति टम्टा, डाक निरीक्षक रुपेश मलियाल, सुशील राज, अशोक पाठक सहित अनेक अधिकारी एवं छात्र उपस्थित रहे।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
