पौड़ी

बूंखाल मेले की तैयारियों की समीक्षा : जिलाधिकारी ने दिए आवश्यक निर्देश

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने 06 दिसम्बर को आयोजित होने वाले बूंखाल मेले की तैयारियों को लेकर जिला कार्यालय में समीक्षा बैठक ली। उन्होंने संबंधित विभागों को समयबद्ध रूप से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को सभी चेकपोस्टों का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने तथा सड़कों पर किए गए पैचवर्क की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने वाहनों के सुचारू संचालन हेतु पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और आरटीओ को आवश्यक साइनेज लगाने के लिए कहा।

मेला क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जल संस्थान तथा प्रकाश व्यवस्था हेतु उरेड़ा विभाग को निर्देशित किया गया। पुलिस विभाग को मेला अवधि में पुलिस कंट्रोल रूम स्थापित करने, लाउडस्पीकर व्यवस्था करने तथा भीड़ प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था प्रभावी ढंग से संचालित करने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को मेला स्थल पर मेडिकल कैंप लगाने तथा एंबुलेंस उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने मेले में आने वाली डोलियों के पंजीकरण और दुकानदारों के सत्यापन को अनिवार्य बताया। साथ ही जिला आबकारी अधिकारी को अवैध मदिरा की बिक्री पर सख्त कार्रवाई करते हुए छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए। सर्दी के मौसम को देखते हुए आवश्यक स्थानों पर अलाव जलाने, अग्निशमन व्यवस्था, बायो टॉयलेट स्थापना, तथा जिला पंचायत को स्वच्छता और झाड़ी कटान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, इसलिए सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों का समन्वय कर समय पर व्यवस्था पूर्ण करें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने सभी विभागों को नोडल अधिकारियों की सूची तैयार कर संयुक्त मजिस्ट्रेट के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, अधीक्षण अभियंता जल संस्थान प्रवीण सैनी, अधिशासी अभियंता लोनिवि शिवम् मित्तल, एआरटीओ एन.के. ओझा, एसडीओ वन आएशा बिष्ट, जिला पंचायत से भावना रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *