पौड़ी

जिलाधिकारी ने नेटवर्क प्रभावित क्षेत्रों की समीक्षा की, सभी ऑपरेटरों को सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सोमवार को एनआईसी कक्ष में नेटवर्क प्रभावित क्षेत्रों की समस्या को लेकर संबंधित विभागों और विभिन्न नेटवर्क कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की। उन्होंने सभी मोबाइल ऑपरेटरों को निर्देश दिया कि जहां भी नेटवर्क कमजोर है या बाधित है, उन क्षेत्रों का विस्तृत सर्वे कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि समयबद्ध सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी राजस्व गांवों व ग्राम पंचायतों में नेटवर्क की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होनी आवश्यक है। उन्होंने ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को निर्देश दिए कि जनपद के सभी गांवों की सूची अक्षांश एवं देशांतर के साथ तैयार कर नेटवर्क कंपनियों को उपलब्ध कराएं। इसके आधार पर सभी ऑपरेटर गांवों का फील्ड सर्वे करेंगे और सत्यापन के बाद उपभोक्ताओं को बेहतर नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

बैठक में थलीसैंण ब्लॉक के मरोड़ा, खिर्सू के गोदा, रिखणीखाल के द्वारी, पाबौ के सांकर, यमकेश्वर के जुलेड़ी, कोट के व्यासघाट सहित कई गांवों में नेटवर्क कनेक्टिविटी सुधारने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने सभी शैडो क्षेत्रों में नेटवर्क उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए बीएसएनएल को विशेष रूप से निर्देशित किया कि हाल ही में स्थापित चार टॉवरों के संचालित न होने के कारणों की पहचान कर विद्युत विभाग के साथ समन्वय बनाते हुए उन्हें तत्काल चालू कराया जाए।

कोटद्वार क्षेत्र में बंद पड़े इंडस कंपनी के झुके हुए टॉवर को लेकर जिलाधिकारी ने गंभीरता दिखाते हुए संबंधित कंपनी को टॉवर तत्काल हटाने के आदेश दिए।

इसके साथ ही ‘भारत नेट’ परियोजना के तहत गांवों में बिछाई जा रही ऑप्टिकल फाइबर व्यवस्था की अद्यतन जानकारी लेते हुए जिला पंचायतीराज अधिकारी एवं बीएसएनएल को फील्ड रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल, डीजीएम बीएसएनएल जय सिंह चौहान, एजीएम बीएसएनएल हरप्रीत सिंह, जिला विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता रणवीर सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत अभिनव रावत, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सचिन भट्ट सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *