पौड़ी

थलीसैंण विकासखंड के आंगनबाड़ी केंद्र बग्वाड़ी में ‘कन्या जन्मोत्सव’ का आयोजन

बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने का संदेश

पौड़ी गढ़वाल। महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देने हेतु विकासखंड थलीसैंण के आंगनबाड़ी केंद्र बग्वाड़ी में “बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ” योजना के अंतर्गत कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवजात बालिकाओं के जन्म का सम्मान करते हुए समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच, संवेदनशीलता और सम्मान को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी पूजा नेगी द्वारा दो नवजात बालिकाओं को बेबी किट एवं महालक्ष्मी किट प्रदान की गईं। उन्होंने अभिभावकों को मातृ वंदना योजना, नंदा गौरा योजना सहित विभिन्न महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

परियोजना अधिकारी ने कहा कि “हर बेटी अपने साथ नई उम्मीद और उज्ज्वल भविष्य का संदेश लेकर आती है। उसके जन्म को उत्सव की तरह मनाना समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।”

कार्यक्रम के दौरान नवजात बालिकाओं के परिवारों को सम्मानित किया गया तथा उपस्थित माताओं को पोषण, टीकाकरण, स्वास्थ्य सुरक्षा एवं बेटियों की शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

‘कन्या जन्मोत्सव’ के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बेटियाँ केवल परिवार की शान ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। उनके जन्म को उत्सव के रूप में मनाना नई सामाजिक चेतना को बढ़ावा देता है।

कार्यक्रम में सुपरवाइज़र बबीता चौहान, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियाँ तथा केंद्र में अध्ययनरत बच्चों के अभिभावक उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *