पौड़ी

जिलाधिकारी ने फरासू में मॉडल ‘बचपन आंगनबाड़ी केंद्र’ का किया निरीक्षण

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित केंद्रों से बच्चों को मिलेगा सुरक्षित एवं वैज्ञानिक शिक्षण वातावरण

पौड़ी गढ़वाल/श्रीनगर। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने आज तहसील श्रीनगर के फरासू गांव पहुंचकर बचपन (आंगनबाड़ी केंद्र में प्रगति व पोषण की उन्नत पहल) के तहत विकसित मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। फरासू गांव में पहली बार किसी जिलाधिकारी के आगमन पर ग्रामीण महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों से उनका स्वागत किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि बचपन आंगनबाड़ी केंद्रों को आधुनिक मॉडल पर विकसित किया जा रहा है। इन केंद्रों में आयु-स्तर आधारित शैक्षणिक सामग्री, प्रीलोडेड कंटेंट वाला स्मार्ट टीवी, खेल आधारित शिक्षण सामग्री, फ्लैश कार्ड, बच्चों हेतु टेबल-कुर्सियाँ, बाहरी गतिविधियों के लिए फिसलपट्टी, धुआँमुक्त रसोई, उच्च गुणवत्ता वाला भोजन, स्वच्छ पेयजल और विद्युत जैसी सभी मूलभूत सुविधाएँ शामिल की जा रही हैं।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रथम चरण में शामिल अन्य 60 आंगनबाड़ी केंद्रों को भी इसी मॉडल पर विकसित किया जाए, ताकि बच्चों को वैज्ञानिक, सुरक्षित और पोषणयुक्त वातावरण में सीखने का अवसर मिल सके। साथ ही आधुनिक शैक्षणिक सामग्री के माध्यम से बच्चों में मनोरंजक तरीकों से सीखने की आदत विकसित करने पर जोर दिया।

जिलाधिकारी ने सभी बचपन आंगनबाड़ी केंद्रों में प्रतिभा दिवस आयोजित करने, स्वच्छता पाठशाला को प्रभावी बनाने, तथा बच्चों के लिए आयु-उपयुक्त पाठ्य सामग्री एवं यूनिफार्म उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देते हुए प्रत्येक केंद्र में डाइट चार्ट तैयार कर उसका पालन सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गांव की गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं एवं माताओं को प्राप्त हो रही सरकारी योजनाओं की स्थिति भी जानी। धुआँमुक्त रसोई में बने भोजन से एक बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया।

ग्रामीणों द्वारा पेयजल समस्या संबंधी ज्ञापन प्रस्तुत किए जाने पर जिलाधिकारी ने नगर निगम वार्ड-2 फरासू गांव की पेयजल लाइन को 1.5 इंच से बढ़ाकर 2.5 इंच करने हेतु प्रस्ताव पर कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने गांव के नलों में पेयजल आपूर्ति की स्थिति का निरीक्षण किया तथा गांव के प्रवेश द्वार पर नया हैंडपंप स्थापित करने के निर्देश जल संस्थान को दिए।

कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी श्रीनगर नूपुर वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, सहायक नगर आयुक्त गायत्री बिष्ट, तहसीलदार दीपक भंडारी, पार्षद विजय चमोली, आंगनबाड़ी कार्यकत्री अनिता देवी सहित स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *