परमार्थ निकेतन में निःशुल्क पल्स रीडिंग हेल्थ चेकअप कैंप संपन्न
दो दिवसीय आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने लिया लाभ
ऋषिकेश। परमार्थ निकेतन और आयुशक्ति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय निःशुल्क पल्स रीडिंग हेल्थ चेकअप कैंप का सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिविर में देश–विदेश से आए हुए आयुर्वेदिक विशेषज्ञों और थेरेपिस्टों की टीम ने प्रतिभागियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर विस्तृत परामर्श प्रदान किया।

कैंप में घुटनों के पुराने दर्द, सिरदर्द, कमरदर्द, पीठदर्द, साइटिका, फ्रोजन शोल्डर सहित नारियों के स्वास्थ्य से जुड़े विशिष्ट परीक्षण किए गए। प्रतिभागियों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुरूप चिकित्सा मार्गदर्शन और आवश्यक उपचार पद्धतियों की जानकारी दी गई।
शिविर का संचालन प्राचीन आयुर्वेदिक परंपरा के प्रसिद्ध नाड़ी विशेषज्ञ, हीलर एवं डिटॉक्स विशेषज्ञ डॉ. स्मिता नरम और डॉ. कृष्णा नरम के मार्गदर्शन में किया गया। विश्व के विभिन्न देशों से आए अनुभवी थेरेपिस्टों ने भी प्रतिभागियों को स्वास्थ्य लाभ प्रदान किया।
परमार्थ निकेतन प्रशासन ने कहा कि आयुर्वेदिक पद्धति पर आधारित ऐसे स्वास्थ्य शिविर लोगों को प्राकृतिक और संतुलित जीवनशैली की ओर प्रेरित करते हैं। शिविर में स्थानीय निवासियों के साथ कई विदेशी साधकों ने भी भाग लेकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
