पौड़ी

घरेलू गैस सिलेण्डरों के दुरुपयोग पर सख्त कार्रवाई

जिले में 140 प्रतिष्ठानों की जांच, 48,300 रुपये का चालान, दो सिलेण्डर ज़ब्त

पौड़ी गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशों पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा जिले में घरेलू गैस सिलेण्डरों के व्यावसायिक उपयोग को रोकने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। नगर पालिका, नगर निगम एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में गठित निरीक्षण टीमों द्वारा लगातार छापेमारी करते हुए होटल, ढाबा एवं अन्य प्रतिष्ठानों में जांच की जा रही है।

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि अब तक 140 प्रतिष्ठानों की गहन जांच की गई, जिनमें घरेलू गैस सिलेण्डरों के दुरुपयोग के मामले सामने आए। विभागीय कार्रवाई के तहत 21 घरेलू सिलेण्डरों पर कुल 48,300 रुपये का चालान किया गया, साथ ही 2 सिलेण्डर ज़ब्त भी किए गए।

विभिन्न क्षेत्रों में की गई कार्रवाई

नगर पालिका पौड़ी:

पूर्ति निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार बड़ोला की टीम ने 31 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 9 सिलेण्डरों के दुरुपयोग पर 20,700 रुपये जुर्माना लगाया।

नगर निगम कोटद्वार:

क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी करन सिंह क्षेत्री के नेतृत्व में 23 प्रतिष्ठानों की जांच की गई तथा 2 घरेलू सिलेण्डरों पर 4,600 रुपये का चालान किया गया।

नगर निगम श्रीनगर:

पूर्ति निरीक्षक विजय कुमार की टीम ने 16 होटल/ढाबों की जांच की, जिसमें 8 में से 6 सिलेण्डरों पर 13,800 रुपये का चालान किया गया और 2 सिलेण्डर ज़ब्त किए गए।

नगर पंचायत सतपुली एवं अमोठा:

पूर्ति निरीक्षक राखी संतोषी के नेतृत्व में 17 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।

घुड़दौड़ी व कोट क्षेत्र:

पूर्ति निरीक्षक राकेश पंत की टीम ने 13 स्थानों की जांच की।

पाबौ क्षेत्र:

पूर्ति निरीक्षक हेमेन्द्र कुमार एवं विजय डोभाल की टीम ने 14 प्रतिष्ठानों की जांच कर 4 घरेलू सिलेण्डरों पर 9,200 रुपये का चालान किया।

ऋषिकेश-लक्ष्मणझूला क्षेत्र:

पूर्ति निरीक्षक ज्योति नेगी एवं दिव्या मुखिया द्वारा 26 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गई।

जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग पूर्णतः नियमविरुद्ध है और विभाग द्वारा ऐसे निरीक्षण निरंतर जारी रहेंगे। उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *