पौड़ी

जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन एवं जल संरक्षण कार्यों की समीक्षा की, अधूरे कार्यों को समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश

पौड़ी। जिलाधिकारी सुश्री स्वाति एस. भदौरिया ने शुक्रवार को जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में जल जीवन मिशन एवं जल संरक्षण कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की। उन्होंने अधूरे कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के कड़े निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि कार्यों में विलंब पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के वेतन आहरण पर रोक लगाने की कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने जल निगम की लगभग एक दर्जन पंपिंग योजनाओं—जिनमें 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है—को 31 दिसंबर तक हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने उप जिलाधिकारियों को दिसंबर माह के अंतिम सप्ताह में स्थल निरीक्षण कर कार्य प्रगति का सत्यापन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने जोर देकर कहा कि पूर्ण हो चुकी सभी पंपिंग योजनाओं से जुड़े प्रत्येक ग्राम में हर नल तक निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा जल उपलब्धता से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत सामने नहीं आनी चाहिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जल जीवन मिशन से आच्छादित सभी गांवों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होने के पश्चात रिपोर्टिंग और सर्टिफिकेशन के मध्य अंतर को प्राथमिकता से शून्य किया जाए। उन्होंने बताया कि 323 गांवों का सर्टिफिकेशन लंबित है, जिसके कारण सहित विवरण उपलब्ध कराया जाए।

अधीक्षण अभियंता, जल निगम को निर्देशित किया गया कि जिन ठेकेदारों ने कार्यों में लापरवाही बरती है तथा जिनके बॉन्ड निरस्त किए जा चुके हैं, उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाए और आगामी बैठक में उनकी सूची प्रस्तुत की जाए।

स्प्रिंग एंड रिवर रिव्यूविनेशन अथॉरिटी (SARA) की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जल संरक्षण से जुड़े कार्यों के अस्पष्ट आंकड़ों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि धरातलीय कार्यों के स्पष्ट डाटा व फोटोग्राफ सहित अद्यतन जानकारी आगामी बैठक में प्रस्तुत करें।

जल शक्ति केंद्र की कैच द रेन गतिविधियों की समीक्षा में उन्होंने सिंचाई, वन, पेयजल एवं कृषि विभागों द्वारा पोर्टल पर जल संरक्षण कार्यों को अपडेट न करने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की तथा निर्देश दिए कि सभी विभाग प्राथमिकता के आधार पर पोर्टल पर समयबद्ध डेटा अपडेट सुनिश्चित करें।

बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, अधिशासी अभियंता जल निगम पौड़ी नवनीत कटारिया, एसडीओ फॉरेस्ट लक्की शाह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *