पौड़ी

बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत 13 किशोरी बालिकाओं का कलेक्ट्रेट परिसर में एक्सपोज़र विज़िट

पौड़ी। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा विकासखंड पाबौ एवं पौड़ी की 13 किशोरी बालिकाओं को आज कलेक्ट्रेट परिसर, पौड़ी का शैक्षिक/एक्सपोज़र विज़िट कराया गया। विज़िट के दौरान बालिकाओं ने विभिन्न पटलों, शाखाओं एवं प्रशासनिक कार्यप्रणाली का अवलोकन कर शासन-प्रशासन की व्यवस्था को निकट से समझा। अधिकांश बालिकाएं पहली बार कलेक्ट्रेट पहुंचीं, जिसके चलते उनमें विशेष उत्साह एवं जिज्ञासा देखने को मिली।

इस अवसर पर जिलाधिकारी सुश्री स्वाति एस. भदौरिया ने बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उनके अनुभवों, अवलोकनों एवं सीखी गई प्रक्रियाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि ऐसे भ्रमण बालिकाओं में प्रशासनिक जागरूकता बढ़ाते हैं तथा उन्हें सरकारी तंत्र, फाइल निस्तारण, शिकायत निवारण और विभागीय कार्यप्रणाली को समझने में सहायता प्रदान करते हैं।

जिलाधिकारी ने बाल विकास परियोजना अधिकारी को निर्देशित किया कि अगला भ्रमण पुलिस थाना एवं आपदा प्रबंधन विभाग का भी कराया जाए, जिससे बालिकाओं को कानून व्यवस्था, आपदा प्रबंधन तथा राहत-बचाव कार्यों की व्यापक जानकारी प्राप्त हो सके।

कलेक्ट्रेट के पटलों का निरीक्षण करने के उपरांत बालिकाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि यह अवसर उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं गौरवपूर्ण रहा। उन्होंने कहा कि विज़िट से उन्हें प्रशासनिक प्रक्रियाओं, विभिन्न विभागीय योजनाओं, राजस्व कार्यवाही तथा शिकायत निस्तारण की नई एवं महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।

कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी चंद्रकांता काला, सुपरवाइजर कमला नेगी सहित सभी किशोरी बालिकाएं उपस्थित रहीं।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *