जिला गंगा समिति बैठक में स्वच्छता, प्रदूषण नियंत्रण और कूड़ा प्रबंधन की समीक्षा
*गंगा संरक्षण कार्यों की प्रगति रिपोर्ट समयबद्ध रूप से प्रस्तुत करें–सीडीओ*
पौड़ी। विकास भवन स्थित वीसी कक्ष में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में गंगा संरक्षण से जुड़े कार्यों, नगर निकायों की स्वच्छता व्यवस्था, औद्योगिक प्रदूषण नियंत्रण, सॉलिड वेस्ट प्रबंधन और मेडिकल वेस्ट निस्तारण की विस्तृत समीक्षा की गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गंगा संरक्षण कार्यों की प्रगति रिपोर्ट समयबद्ध रूप से प्रस्तुत की जाए।
बैठक में नगर निगम कोटद्वार और उद्योग विभाग को निर्देशित किया गया कि नदियों को प्रदूषित कर रहे औद्योगिक इकाइयों को चिन्हित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
ग्रामीण बाजारों/कस्बों एवं विकासखण्ड स्तर पर स्थापित कॉम्पेक्टर मशीनों के संचालन हेतु पर्याप्त सफाई कर्मियों की नियुक्ति को लेकर जिला पंचायत को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि सफाई कर्मियों की नियुक्ति संबंधी टेंडर 09 दिसम्बर 2025 को प्रस्तावित है।
नगर पंचायत सतपुली में नाला टैपिंग कार्य हेतु पेयजल निगम कोटद्वार द्वारा 21 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार कर उच्च स्तर पर भेज दी गई है।
मुख्य विकास अधिकारी ने नगर निकायों को निर्देशित किया कि कूड़ा वाहनों में स्थापित जीपीएस प्रणाली व लॉगबुक के माध्यम से वाहनों की नियमित निगरानी की जाए।
ग्रामीण क्षेत्रों में कूड़ा संग्रहण के लिए उपलब्ध वाहनों और उनके निर्धारित रूट की सतत निगरानी के भी निर्देश दिए गए।
ग्राम स्तर पर सूखे एवं गीले कूड़े के पृथकीकरण को प्रभावी बनाने हेतु ग्राम विकास अधिकारियों को ग्राम पंचायत स्तर पर बैठकों का आयोजन कर जन-जागरूकता बढ़ाने को कहा गया।
खंड विकास अधिकारियों को ग्रामीण बाजारों/कस्बों में व्यापार मंडलों के साथ बैठकें आयोजित कर व्यापारियों को कूड़ा निस्तारण एवं स्वच्छता के प्रति संवेदनशील बनाने के निर्देश दिए गए।
मेडिकल वेस्ट प्रबंधन की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में मेडिकल वेस्ट का वैज्ञानिक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि पूर्व प्राप्त निर्देशों के क्रम में “गंगा उत्सव” का सफल आयोजन किया गया है।
बैठक में जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, अधिशासी अभियंता जल निगम पौड़ी नवनीत कटारिया, एसडीओ फॉरेस्ट लक्की शाह, पीएम स्वजल दीपक रावत, विभिन्न नगर निकायों के अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिशासी अभियंता तथा सभी खंड विकास अधिकारी वर्चुअली उपस्थित रहे।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
