संस्कृति

रघुवंशपुरम आश्रम, जोधपुर में श्रीराम कथा; स्वामी चिदानन्द सरस्वती का पावन सान्निध्य

जोधपुर। रघुवंशपुरम आश्रम, केशवप्रिया गौशाला, केलावा (जोधपुर) में आयोजित श्रीराम कथा के दिव्य आयोजन में मंगलवार को श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। कथा का वाचन संत श्री मुरलीधर जी के श्रीमुख से हो रहा है, जिसमें आज परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष पूज्य स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने पधारकर अपना पावन सान्निध्य, आशीर्वचन और प्रेरणादायी उद्बोधन दिया।

कार्यक्रम के दौरान स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी दिवस पर उनके अतुलनीय साहस, त्याग और बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि “धर्म की रक्षा और मानवता के संरक्षण के लिए गुरु तेग बहादुर साहिब जी का बलिदान सदैव हमारे समाज और राष्ट्र को प्रकाशमान करता रहेगा।”

आयोजन स्थल पर भक्तिमय वातावरण के बीच उपस्थित श्रद्धालुओं ने विवाह पंचमी के अवसर पर एक-दूसरे को शुभकामनाएँ भी दीं। इस पावन दिवस पर स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने श्री राम जन्मभूमि मंदिर के शिखर ध्वजारोहण हेतु समस्त देशवासियों को मंगलकामनाएँ प्रेषित कीं।

कथा के दौरान संत श्री मुरलीधर जी ने रामकथा के विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन कर भक्तों को आध्यात्मिक ऊर्जा और प्रेरणा से ओत-प्रोत किया। आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन समाज में धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का माध्यम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *